एच.एस. फुल्का का भाजपा में शामिल होना सरकार पर सिख समुदाय के मजबूत भरोसे का संकेत: सुनील जाखड़

पंजाब : पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एस. फुल्का के पार्टी ज्वाइन करने पर खुशी जाहिए करते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि फुल्का का भाजपा के साथ जुड़ना सिख धर्म के लोगों का पीएम मोदी पर विश्वास को और मजबूत करता है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अधिवक्ता एच.एस. फुल्का ने भाजपा का दामन थामा। सुनील जाखड़ ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर बताया, “सिख धर्म के लिए न्याय की लड़ाई निडर होकर लड़ने वाले एडवोकेट एच. एस. फुल्का, जिन्हें सिख समाज का हर व्यक्ति सम्मान की दृष्टि से देखता है, आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं।”

उन्होंने कहा, “फुल्का जैसे उच्च चरित्र वाले सिख व्यक्तित्व का भाजपा से जुड़ना यह दर्शाता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सच्चे मन से सिख धर्म और सिखी के लिए कार्य कर रही है और सच के सामने विरोधियों द्वारा फैलाए गए झूठ के भ्रम टूट रहे हैं। एडवोकेट एच. एस. फुल्का का पार्टी में शामिल होने पर दिल की गहराइयों से स्वागत।”

गौरतलब है कि एच.एस. फुल्का की पहचान सिर्फ एक वकील के रूप में नहीं, बल्कि 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के लिए न्याय की लंबी लड़ाई लड़ने वाले एक मजबूत आवाज के रूप में रही है। उन्होंने कई दशकों तक कोर्ट में पीड़ितों का पक्ष रखा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष किया। इसी वजह से पंजाब और सिख समुदाय में उनका गहरा सम्मान है।

एच.एस. फुल्का पहले आम आदमी पार्टी (आप) से जुड़े रहे हैं और विधायक भी रह चुके हैं। अब उन्होंने भाजपा में शामिल होकर राजनीतिक रूप से एक नई शुरुआत की है। उनका भाजपा में शामिल होना राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *