केंद्र योजनाओं की राशि का समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करें अधिकारी : नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्र सरकार से प्राप्त अनुदानों को लेकर विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र प्रायोजित योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त धनराशि के उपयोग, प्रगति एवं लंबित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं में स्वीकृत बजट का समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रदेश के नागरिकों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे अनुदानों का पूर्ण और पारदर्शी उपयोग राज्य के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विभागों को निर्देशित किया कि उपयोगिता प्रमाण पत्र (Utilization Certificates) समय पर प्रस्तुत किए जाएं, ताकि आगामी किस्तों की स्वीकृति में कोई बाधा न आए।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, उनमें तेजी लाई जाए और उनका त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और निगरानी तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रशासनिक अधिकारी अपने- अपने विभागों में नोडल अधिकारी नामित करें जो निरंतर केंद्र सरकार के विभागों से समन्वय स्थापित करते रहें ताकि अनुदान राशि स्वीकृत और जारी होने में देरी न हो।

नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा तकनीक के अधिकतम उपयोग के माध्यम से कार्यों की निगरानी की जाए।
बैठक में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्तायुक्त डॉ सुमिता मिश्रा, परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरू, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह, श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय दहिया, वित्त विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल, वित्त विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़, महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ साकेत कुमार, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक मीणा, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ राज नेहरू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *