प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मथुरा में नाव पलटने से हुई दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में कई लोगों की मौत हुई है, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर है।
पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की
प्रधानमंत्री मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि मथुरा में नाव पलटने की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और बताया कि स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा है।
लुधियाना से आए थे श्रद्धालु
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि लुधियाना से करीब 30 श्रद्धालु आए थे, जो यमुना नदी में दो नावों पर नौका विहार कर रहे थे। इसी दौरान केसी घाट के पास एक नाव अचानक पलट गई।
बचाव अभियान जारी
जिलाधिकारी के मुताबिक, अब तक 6 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 16-17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
डिप्टी सीएम ने जताई संवेदना
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
