मेरठ: महाराजा सूरजमल की प्रतिमा अनावरण में बोले दिग्विजय चौटाला— शिक्षा, अनुशासन और राजनीति से ही मजबूत होगा समाज

मेरठ/चंडीगढ़ : जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ में आयोजित एक भव्य समारोह को संबोधित करते हुए सामाजिक एकजुटता और युवा सशक्तिकरण का आह्वान किया। दिग्विजय चौटाला यहाँ अंतरराष्ट्रीय जाट संसद द्वारा स्थापित महाराजा सूरजमल की विशाल प्रतिमा के अनावरण समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे थे। समारोह को संबोधित करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि समाज की भलाई के लिए युवाओं को महाराजा सूरजमल के शौर्य और सिद्धांतों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय में समाज की एकजुटता अनिवार्य है और हमें मिलकर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी। चौटाला ने आने वाली पीढ़ी के भविष्य पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “हमारा पहला कर्तव्य अपनी भावी पीढ़ी को शिक्षा की ओर अग्रसर करना है।” उन्होंने युवाओं से नशे के जाल से बचने का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने उल्लेख किया कि हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और यूपी में समाज से जुड़े कई उच्चाधिकारी कार्यरत हैं, जो युवाओं और जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रह सकते हैं।

दिग्विजय चौटाला ने स्पष्ट किया कि समाज में अनुशासन और सक्रिय राजनीति के दम पर ही अपनी ताकत का लोहा मनवाया जा सकता है। उन्होंने दीनबंधु सर छोटूराम, चौधरी चरण सिंह और जननायक चौधरी देवीलाल का उदाहरण देते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने राजनीति के माध्यम से ही समाज को मजबूती प्रदान की। उन्होंने कहा, “हमारा मूल धर्म किसानी है और इसे हमें कभी नहीं भूलना चाहिए।”

कार्यक्रम की भव्यता की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में फैले समाज के लोगों को इसी तरह के बड़े मंच प्रदान करने की आवश्यकता है ताकि आपसी समन्वय और प्रगति के रास्ते खुल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *