राघव चड्ढा को अरविंद केजरीवाल से माफी मांगनी चाहिएः बलबीर सिंह सिद्धू

रिपोर्ट : कोमल रमोला

फिरोजपुर : पंजाब सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने संसद में पंजाब के मुद्दों को न उठाने के लिए राघव चड्ढा की आलोचना की और उन्हें अरविंद केजरीवाल और पार्टी से माफी मांगने की सलाह दी। मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “राघव चड्ढा मेरे बेटे की तरह हैं। हमने लंबे समय तक साथ में काम किया है। अन्ना हजारे आंदोलन में हम साथ थे। पहली बार मुख्यमंत्री रहते हुए अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट में ये बातें साफ हो गई हैं कि झूठे केस में फंसाया गया था। इसके साथ ही देश के सबसे बेहतर स्वास्थ्य मंत्री मनीष सिसोदिया को भी लंबे समय तक झूठे आरोप में जेल बंद रखा गया लेकिन राघव चड्ढा ने इसके विरोध में सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट तक नहीं किया।” उन्होंने कहा, “राघव चड्ढा को पंजाब के लोगों ने चुना था। इसलिए जीएसटी राजस्व घाटे या पंजाब को हुए वित्तीय नुकसान से संबंधित मुद्दे को जोर-शोर से उठाना चाहिए था। पंजाब में बाढ़ को लेकर केंद्र सरकार द्वारा आर्थिक सहायता न देने पर संसद में सवाल पूछना चाहिए था लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। राघव चड्ढा ने पार्टी और पंजाब की जनता को धोखा दिया।”

बलबीर सिंह ने कहा, “राघव चड्ढा को अरविंद केजरीवाल से माफी मांगनी चाहिए और जिस पार्टी ने राज्यसभा भेजा, उसके लिए काम करना चाहिए। राघव की बात हम सब मानते थे लेकिन उसे अब हमारी बात मानते हुए माफी मांगनी चाहिए। अगर माफी नहीं मांगी तो कार्यकाल खत्म होने के बाद कौन सा मुंह लेकर पंजाब में आएगा।

पंजाब में बीमारी फैलने पर बलबीर सिंह ने कहा, “हम हमेशा मुश्किल समय में लोगों के साथ खड़े रहे हैं। यह लेप्टोस्पाइरोसिस नामक बीमारी जानवरों से फैलती है। यह मूत्र से दूषित पानी के माध्यम से फैलती है। पहले दिन से ही हम इसे नियंत्रित करने के लिए काम कर रहे हैं। आज मैंने स्वयं क्षेत्र का दौरा किया और स्थिति की समीक्षा की। हमने बीमारी को नियंत्रण में लाने में सफलता प्राप्त कर ली है। जानवरों का टीकाकरण किया जा रहा है, लोगों को दवाइयां दी जा रही हैं और दस्ताने वितरित किए जा रहे हैं। स्वच्छता और साफ-सफाई के बारे में जागरूकता भी फैलाई जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *