सरकार की नीतियों का खामियाजा किसानों, व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है: कुमारी सैलजा

रिपोर्ट : कोमल रमोला

चंडीगढ़ : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने नरवाना मंडी के बंद होने पर भाजपा सरकार को घेरते हुए इसे उसकी गलत और अव्यवस्थित नीतियों का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि फसल बिक्री से जुड़ी नई शर्तों ने आढ़तियों को मजबूर कर दिया, जिसके चलते मंडी बंद करने का फैसला लेना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का खामियाजा अब किसानों, व्यापारियों और मंडी से जुड़े पल्लेदारों को भुगतना पड़ रहा है। किसानों पर अनावश्यक पाबंदियां लगाई जा रही हैं, जबकि व्यापारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। कुमारी सैलजा ने यह भी कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के बावजूद किसानों को न तो उचित मुआवजा मिल रहा है और न ही उन्हें अपनी फसल मंडियों तक लाने में सहूलियत दी जा रही है। इसके उलट कई तरह की शर्तें लगाकर उनकी मुश्किलें बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह तुरंत अपनी नीतियों में बदलाव करे और किसानों, व्यापारियों व मजदूरों को राहत देने के लिए व्यावहारिक समाधान लागू करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो प्रदेश की कृषि और व्यापार व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *