हरियाणा में कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला: राव नरेंद्र सिंह बोले- अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर

चंडीगढ़ : हरियाणा की कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हालिया घटनाएं राज्य की स्थिति को उजागर करती हैं। उन्होंने बताया कि नाबालिग से दुष्कर्म मामले की जांच में लापरवाही पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा हरियाणा पुलिस को फटकार लगना कानून व्यवस्था की गंभीर कमजोरी को दर्शाता है। वहीं गुरुग्राम में निर्माणाधीन साइट पर दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत को उन्होंने प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने कुरुक्षेत्र में 4 किलो से अधिक अफीम के साथ महिला की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में नशा तस्करी का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। साथ ही, पुलिस द्वारा गैंगस्टरों की लगातार गिरफ्तारी इस बात का संकेत है कि अपराध का दायरा कितना बढ़ चुका है।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। ₹590 करोड़ के बैंक घोटाले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें सरकारी अधिकारी, बैंक कर्मचारी और निजी लोग शामिल पाए गए हैं, जो सिस्टम में गहरी जड़ें जमा चुके भ्रष्टाचार को दर्शाता है। हरियाणा पावर जेनरेशन कॉर्पोरेशन (HPGCL) में कथित घोटाले और यमुनानगर के ₹42 करोड़ धान खरीद घोटाले को भी उन्होंने गंभीर मामला बताया।

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के बजाय उसे संरक्षण दे रही है। उन्होंने जांच से पहले अनुमति लेने की व्यवस्था को भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने का प्रयास बताया।
उन्होंने कहा, “प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार दोनों बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार केवल कागजों में विकास दिखा रही है। जमीनी स्तर पर हालात चिंताजनक हैं।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता में असुरक्षा और आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, भ्रष्टाचार मामलों की निष्पक्ष जांच हो और दोषी अधिकारियों को तुरंत बर्खास्त किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सुधार नहीं किया, तो कांग्रेस इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *