चंडीगढ़ में शराब माफिया पर शिकंजा:
चंडीगढ़। शहर में शराब की तस्करी और अवैध बिक्री पर एक्साइज डिपार्टमेंट ने शिकंजा कस दिया है। विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण, खुफिया जानकारी के आधार पर तथा पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय के माध्यम से शराब की तस्करी, अवैध भंडारण और गैर-कानूनी वितरण पर लगाम लगाने में सफल रहा है। एक्साइज की टीम ने अब शहर के एक क्लब में अवैध रूप से शराब पिलाने का मामला पकड़ा है।
इससे पहले 10 जुलाई को विश्वसनीय सूचना के आधार पर एक्साइज टीम ने दड़बा स्थित सीमेंट के गोदाम में छापा मारकर 413 पेटी देशी शराब और 2090 पेटी विभिन्न ब्रांड्स की विदेशी शराब बरामद हुईं, जिनके पास वैध ट्रांसपोर्ट परमिट या एक्साइज पास नहीं थे। इसके बाद 12 जुलाई को एक अन्य कार्रवाई में लगभग 1500 पेटी देशी और विदेशी शराब का अवैध भंडारण मिला। एक्साइज विभाग द्वारा स्वीकृत न होने के कारण उक्त स्थल को तुरंत सील कर दिया गया और लाइसेंसधारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई। आज 31 जुलाई को एक बार लाइसेंसधारी के परिसर में निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि वह बिना वैध लाइसेंस के बीयर की आपूर्ति कर रहा था। साथ ही बीयर आपूर्तिकर्ता द्वारा बिना आवश्यक एक्साइज पास और ट्रांसपोर्ट परमिट के स्टॉक की आपूर्ति की जा रही थी। दोनों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
अब जीरो टॉलरेंस पॉलिसी
एक्साइज डिपार्टमेंट अब अवैध शराब की बिक्री ओर तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपना रहा है। विभाग ने शराब की आपूर्ति श्रृंखला में किसी भी प्रकार की खामियों को दूर करने कर है। विभाग एक सख्त “ट्रैक-एंड-ट्रेस” प्रणाली लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे शराब के उत्पादन, परिवहन और वितरण पर रियल-टाइम निगरानी सुनिश्चित की जा सके। एक्साइज नीति 2025–26 के लागू होने के बाद से डिपार्टमेंट ने
अभियान चलाकर अवैध शराब की बड़ी बरामदगी की है और संबंधित आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की है। पंजाब एवं अन्य पड़ोसी राज्यों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर विभाग ने अवैध बॉटलिंग प्लांट, आपूर्तिकर्ता और खुदरा विक्रेताओं की पहचान करने हेतु बैक-ट्रेसिंग की प्रक्रिया भी शुरू की है।

