सरकार गौ संरक्षण और गौ संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है: नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 23 अगस्त।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार गौ संरक्षण और गौ संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को फतेहाबाद जिले की श्री कृष्ण गौशाला, बड़ोपल में आयोजित चारा अनुदान राशि वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने जिले की 67 गौशालाओं को 7 करोड़ 2 लाख रुपये के चेक सौंपे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश की 605 गौशालाओं को कुल 88 करोड़ 50 लाख रुपये का चारा अनुदान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गांव बड़ोपल के विकास के लिए 21 लाख रुपये देने और बड़ोपल स्थित वन्य जीव उपचार केंद्र का नाम संत राजेंद्रानंद जी महाराज के नाम पर रखने की घोषणा की। उन्होंने गौशाला प्रांगण में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत त्रिवेणी रोपण भी किया और नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश साझा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गाय, गीता और गंगा के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश में गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मशीनरी खरीद में मदद दी जा रही है। पंचगव्य उत्पादन के लिए 101 गौशालाओं को 6 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि दी गई है। अब तक 330 गौशालाओं में सोलर ऊर्जा प्लांट लगाए जा चुके हैं और शेष गौशालाओं में जल्द यह कार्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 तक राज्य में केवल 215 पंजीकृत गौशालाओं में 1.75 लाख गौवंश था, जो अब बढ़कर 686 गौशालाओं में 4 लाख बेसहारा गौवंश तक पहुंच गया है।

कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण तथा पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने भी बड़ोपल गौशाला को 11-11 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी 6 मांगों पर विभागीय स्तर पर फिजिबिलिटी जांच करवाकर उन्हें पूरा करने का आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय गोकुल मिशन लागू कर देसी नस्ल की गायों के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा दिया है। गौ सेवा आयोग का बजट भी 2014-15 में 2 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 595 करोड़ रुपये किया गया है। साथ ही 200 गौशालाओं को शैड निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपये दिए गए हैं और जल्द ही 800 ई-रिक्शा भी गौशालाओं को उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा विकसित भारत के सपने को साकार करने में योगदान दे रहा है। प्रदेश में गरीब कल्याण योजनाओं के साथ किसानों के लिए भी व्यापक कदम उठाए गए हैं। वर्ष 2014 से अब तक 15,500 करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों को फसल खराबी पर दिया गया है, जबकि 2004 से 2014 के बीच यह राशि केवल 1,155 करोड़ रुपये थी। फतेहाबाद क्षेत्र में जलभराव और सेम की समस्या के समाधान पर भी कार्य शुरू कर दिया गया है।

समारोह में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि गाय हमारी संस्कृति और आस्था से जुड़ी है। उन्होंने गौ सेवा और संवर्धन के प्रति नागरिकों से जागरूकता और योगदान की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *