अग्रवाल सम्मेलन की कार्यकारिणी बैठक पंचकूला में सम्पन्न

 

अग्रवाल सम्मेलन की कार्यकारिणी बैठक पंचकूला में सम्पन्न

अग्रोहा शक्तिपीठ में स्वर्ण जयंती महोत्सव की तैयारियाँ जोरों पर

पंचकूला, 29 अगस्त। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की कार्यकारिणी बैठक पंचकूला के सेक्टर-16 स्थित अग्रवाल भवन में बड़े उत्साह के साथ सम्पन्न हुई। इस अवसर पर सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि बैठक की अध्यक्षता पंचकूला के महापौर एवं हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष कुलभूषण गोयल ने की। राष्ट्रीय नेता सी.बी. गोयल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस अवसर पर मौजूद रहे।

स्वर्ण जयंती वर्ष का भव्य आयोजन

राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग ने कहा कि आगामी भगवान अग्रसेन जयंती महोत्सव इस बार ऐतिहासिक होगा, क्योंकि यह सम्मेलन का स्वर्ण जयंती वर्ष है। सम्मेलन की स्थापना वर्ष 1975 में हुई थी और वर्ष 2025 में इसकी 50वीं वर्षगांठ पूरे देशभर में मनाई जाएगी। इसके अंतर्गत 20 से 22 सितंबर तक अग्रोहा शक्तिपीठ में भव्य और ऐतिहासिक आयोजन होगा।

अग्रोहा शक्तिपीठ – समाज की आस्था का केंद्र

गोपाल शरण गर्ग ने बताया कि अग्रोहा शक्तिपीठ अग्रवाल समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां कुलदेवी आध महालक्ष्मी जी का भव्य मंदिर निर्माणाधीन है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की हर मनोकामना पूरी होती है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए हरियाणा के सभी जिलों में कार्यकारिणी बैठकें होंगी और समाज की विभिन्न संस्थाओं के साथ-साथ धार्मिक संगठनों को भी जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा तय

20 सितंबर : भव्य भजन संध्या

महोत्सव का शुभारंभ 20 सितंबर की शाम भजन संध्या से होगा। इसमें देशभर से 50 से अधिक ख्यातिप्राप्त भजन गायक अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। कोलकाता, रायगढ़, छत्तीसगढ़, राजस्थान, सवाई माधोपुर सहित हरियाणा के कई नामचीन कलाकार मंच पर प्रस्तुति देंगे।

प्रमुख गायक होंगे—प्रिंसी बहन, राजेंद्र घनेरीवाला, संदीप, रितु बिश्नोई, अनिल जागरण, समीर जी। भजन संध्या में श्याम बाबा के गीत, श्रीराम भक्ति के भजन, देवी चौकी और जागरण की मधुर प्रस्तुतियाँ होंगी, जो श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगी।

21 सितंबर : नेताओं की विशेष उपस्थिति

21 सितंबर को राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों की मौजूदगी से कार्यक्रम का गौरव और बढ़ेगा। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल सहित अनेक सांसद और विधायक महोत्सव में शिरकत करेंगे।

22 सितंबर : भागवत कथा और धार्मिक अनुष्ठान

22 सितंबर को महामंडलेश्वर नर्मदा शंकर जी महाराज की भागवत कथा होगी। इसके साथ ही अग्र चालीसा पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक अनुष्ठान भी सम्पन्न होंगे। तीनों दिन लगातार धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन का सिलसिला चलता रहेगा।

हरियाणा को चार जोन में बांटा गया

हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष कुलभूषण गोयल ने बताया कि पंचकूला की बैठक में राज्य को चार जोन में बांटने का निर्णय लिया गया है, ताकि अलग-अलग जिलों में जाकर बैठकें की जा सकें और महोत्सव की तैयारियों को बेहतर ढंग से सम्पन्न किया जा सके। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सामूहिक सहयोग से यह उत्सव केवल अग्रवाल समाज ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का अवसर बनेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *