सरदार पटेल की जयंती पर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने दिया एकता का संदेश

रिपोर्ट : प्रीति कंबोज

चंडीगढ़, 30 अक्तूबर।
हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को एकता, अखंडता और राष्ट्रीय समरसता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उस शक्ति, संकल्प और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है जिसने भारत को एक सूत्र में पिरो दिया।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस साहस और दूरदर्शिता के साथ रियासतों का एकीकरण किया, वह भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने अपने अद्वितीय नेतृत्व, अनुशासन और अटूट निष्ठा से स्वतंत्र भारत की नींव को सुदृढ़ किया। श्री कल्याण ने कहा कि पटेल जी के जीवन से हर नागरिक को यह सीख मिलती है कि जब उद्देश्य राष्ट्र सेवा का हो तो कोई भी कठिनाई असंभव नहीं रह जाती।

उन्होंने कहा कि लौह पुरुष के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने स्वतंत्रता के बाद के भारत में थे। उनकी नीतियों में निहित सांस्कृतिक चेतना और शांति का संदेश समाज को एक नई दिशा देता है। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की अखंडता और भाईचारे को बनाए रखना ही सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण की दिशा में एकजुट होकर आगे बढ़ें, आपसी मतभेदों को भुलाकर देश की एकता को सर्वोपरि रखें और सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन का मार्गदर्शक बनाएं।
उन्होंने कहा कि जब देश के नागरिक एकता और अनुशासन की भावना से प्रेरित होकर कार्य करेंगे, तभी सच्चे अर्थों में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का स्वप्न साकार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *