विधायक शक्तिरानी शर्मा ने शाहपुर में 47.32 लाख की लागत से बनने वाले पंचायत घर का किया शिलान्यास

 

रिपोर्ट: सुरेंद्र सिंह

कालका, 30 अक्तूबर।
कालका विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई दिशा को मूर्त रूप देते हुए क्षेत्र की लोकप्रिय व कर्मठ विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने आज कुल ₹62.32 लाख की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सबसे प्रमुख रही शाहपुर ग्राम पंचायत में ₹47.32 लाख की लागत से बनने वाले पंचायत घर की आधारशिला। यह भवन ग्रामीण प्रशासन, सामाजिक कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी गतिविधियों के लिए एक सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

शिलान्यास अवसर पर विधायक शक्तिरानी शर्मा ने कहा कि शाहपुर में बनने वाला पंचायत घर केवल एक भवन नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा “विकास कार्य ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। हमारा उद्देश्य है कि कालका विधानसभा क्षेत्र का हर गाँव, हर वार्ड बुनियादी सुविधाओं से युक्त हो। किसी नागरिक को विकास की दौड़ में पीछे नहीं छोड़ा जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा कि उनके कार्यकाल में प्रत्येक ग्राम पंचायत में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पंचायत घरों और सामुदायिक केंद्रों का निर्माण करवाया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक कार्यों के लिए एक सशक्त मंच मिल सके।

विधायक ने इस मौके पर क्षेत्र की अन्य परियोजनाओं की भी घोषणा की, जिनमें टगरा हंसुआ (वार्ड 27) में सड़क एवं नाली निर्माण, माजरा (वार्ड 28) में पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य तथा टगरा कालीराम (वार्ड 29) में सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के माध्यम से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को और मजबूती मिलेगी तथा लोगों को सुगमता और स्वच्छता से जुड़ी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में जनकल्याण की योजनाएँ तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। मुख्यमंत्री जी का कालका क्षेत्र के प्रति विशेष लगाव होने के कारण यहाँ निरंतर बड़े पैमाने पर फंड स्वीकृत हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राज्यसभा सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा द्वारा भी कालका विधानसभा के लिए कई नई परियोजनाओं को स्वीकृति दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाई जा रही है। सांसद निधि से भी क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि रायपुर रानी क्षेत्र में भी कल करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली लिंक रोड परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

विधायक ने कहा  “हमारा लक्ष्य है कि कालका विधानसभा हर दृष्टि से एक आदर्श और आत्मनिर्भर क्षेत्र बने। आने वाले समय में अनेक नई योजनाएँ और विकास परियोजनाएँ प्रारंभ की जाएँगी, ताकि यहाँ के नागरिकों को आधुनिक सुविधाएँ मिलें और रोजगार के अवसर भी बढ़ें।”

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, पंचायत सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने विधायक शक्तिरानी शर्मा का भव्य स्वागत किया और क्षेत्र में हो रहे निरंतर विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों ने भी कहा कि विधायक शक्तिरानी शर्मा के नेतृत्व में कालका क्षेत्र ने वास्तव में विकास का एक नया अध्याय लिखा है और यही भावना उनके नारे “विकास ही हमारा संकल्प” को साकार करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *