*जहां हरियाणा में खिलाड़ी असुरक्षित, वहां पंजाब में बन रहे हैं 3,000 विश्वस्तरीय स्टेडियम: अनुराग ढांडा
रिपोर्ट :कोमल रमोला
चंडीगढ़, 27 जनवरी :
रोहतक ज़िले के लाखन माजरा गांव के होनहार बास्केटबॉल खिलाड़ी स्वर्गीय हार्दिक राठी के पिता एवं परिवार के अन्य सदस्यों ने आज चंडीगढ़ सीएम आवास में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाक़ात की। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा और प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता भी मौजूद रहे। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने मंगलवार को कहा कि यह मुलाक़ात एक औपचारिक शिष्टाचार भर नहीं थी, बल्कि एक टूटे हुए परिवार के दर्द, एक अधूरे सपने और व्यवस्था की असंवेदनशीलता पर साझा शोक और संवाद का क्षण थी। जैसे ही हार्दिक का ज़िक्र आया, पूरा माहौल भावुक हो गया। इस दौरान पंजाब सीएम भगवंत मान भी काफी भावुक हो गए।
उन्होंने कहा कि यह हादसा किसी प्राकृतिक आपदा का परिणाम नहीं था, बल्कि हरियाणा में खेल ढांचे की घोर लापरवाही और सरकारी उदासीनता का नतीजा था। उस कठिन समय में भी भगवंत मान स्वयं लाखन माजरा पहुंचकर परिवार के साथ खड़े हुए थे, जो यह दिखाता है कि आम आदमी पार्टी की राजनीति संवेदना, ज़िम्मेदारी और ज़मीन से जुड़े सरोकारों पर आधारित है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि आज परिवार ने खुलकर बताया कि कैसे एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित खेल माहौल न मिलने के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी। यह सिर्फ़ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि हरियाणा के हज़ारों युवा खिलाड़ियों के भविष्य पर खड़े सवालों का प्रतीक है। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार खेल को सिर्फ़ भाषणों तक सीमित नहीं रखती। उन्होंने बताया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार लगभग 3,000 आधुनिक स्टेडियम बनवा रही है, जहां विश्वस्तरीय सुविधाएं, सुरक्षित ढांचा और युवाओं के सर्वांगीण विकास की पूरी व्यवस्था होगी।
उन्होंने कहा कि खेल का मैदान बच्चों और युवाओं के सपनों की पहली सीढ़ी होता है, और अगर वही मैदान असुरक्षित हों तो यह सीधे-सीधे राज्य की नाकामी है। इस पूरी घटना ने एक बार फिर हरियाणा की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। हरियाणा, जो कभी खेल प्रतिभाओं की नर्सरी माना जाता था, आज वहां के खिलाड़ी जर्जर स्टेडियमों, टूटे उपकरणों और असुरक्षित ढांचों के बीच अभ्यास करने को मजबूर हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उनकी सरकार आंखें मूंदे बैठी है, मानो युवाओं की ज़िंदगी से खिलवाड़ होना कोई मामूली बात हो।
अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी का स्पष्ट मानना है कि हार्दिक राठी की मौत महज़ एक हादसा नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की आपराधिक लापरवाही का नतीजा है। अगर समय रहते खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की मरम्मत, निरीक्षण और उन्नयन किया गया होता, तो आज एक युवा खिलाड़ी ज़िंदा होता और देश का नाम रोशन करने की तैयारी कर रहा होता।
आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी सिर्फ़ शोक व्यक्त करने की राजनीति नहीं करती, बल्कि व्यवस्था को बदलने की राजनीति करती है। पंजाब इसका जीवंत उदाहरण है, जहां खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता बनाकर सरकार काम कर रही है। इसके विपरीत हरियाणा में भाजपा सरकार केवल घोषणाओं और खोखले दावों में व्यस्त है, जबकि ज़मीनी हकीकत बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की बीजेपी सरकार तत्काल सभी खेल परिसरों का सुरक्षा ऑडिट कराने के बाद, दोषियों पर सख़्त कार्रवाई करे और हार्दिक राठी के परिवार को न्याय दिलाए। युवाओं की सुरक्षा, उनके सपनों और भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
आज की यह मुलाक़ात सिर्फ़ एक परिवार को ढांढस बंधाने का प्रयास नहीं थी, बल्कि यह संदेश भी था कि आम आदमी पार्टी हर उस आवाज़ के साथ खड़ी है जो न्याय, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मांग करती है।

