रोमी सिंह
पंचकूला 28 जनवरी: अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री नवदीप सिंह विर्क ने डायल 112 भवन में दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ए डी जी पी श्री नवदीप सिंह विर्क ने कहा कि प्रकृति की रक्षा के लिए सिर्फ कानूनी ही नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व का निर्वहन करना होगा। उन्होने कहा कि हरियाणा एक ऐसा राज्य है जिसके एक तरफ प्राचीनतम पहाड़ी अरावली है तो वहीं दूसरी तरफ शिवालिक है। इसलिए इन दोनो के मध्य में बसे हरियाणा के नागरिक समाज को शुद्ध हवा और पानी की जरूरत को पूरा करने के लिए हमें निरंतर प्रयास करना होगा। उन्होने कहा कि साईबर युग में अनुसंधान कार्यों में तकनीक का प्रयोग ना सिर्फ समय की बचत है बल्कि त्वरित न्याय की गारंटी है। उन्होने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो का गठन एक महत्वाकांक्षी पहल है और इसको आधुनिक बनाने के लिए सभी थानों में कम्प्यूटर उपलब्ध कराया गया है। शीघ्र ही सभी आई ओ को टैब देने का भी प्रस्ताव है। उन्होने यह भी कहा कि अनुसंधान कार्यों में नई तकनीक का प्रयोग बढ़ाना होगा।
स्वागत करते हुए पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि 26 जून 2022 को हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो का गठन किया गया। जिसके अंतर्गत हरियाणा के 22 जिलों में प्रवर्तन ब्यूरो के 22 थाने कार्यरत हैं। गठन के समय से ही यह ब्यूरो हरियाणा राज्य को प्राकृतिक संसाधनों के समेकेतिक प्रयोग के साथ प्रकृति संरक्षण के लिए समाज को व्यापक रूप से जागृत कर रहा है।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए ए डी जी पी डायल 112 हरदीप सिंह दून ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर पुलिस विभाग को नई दृष्टि देने का एक प्रयास है। उन्होने कहा कि प्रवर्तन ब्यूरो नियमित रूप से अपने सघन अभियानो से महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
प्रशिक्षण शिविर में पहले दिन तीन विशेषज्ञ हुए रूबरू। भारतीय वन सेवा के वरिष्ठ अधिकारी विपिन कुमार सिंह ने कहा कि कानून की जवाबदेही से प्रकृति के अधिकार पर संवाद का समय आ गया है। उन्होने कोविड-19 के संक्रमण काल का संदर्भ याद दिलाते हुए कहा कि हम सबने देखा कि जीवन रक्षा की संजीवनी प्रकृति की गोद में ही है।
उप जिला न्यायवादी प्रवीण कुमार ने कहा कि तेजी से बढ़ता शहरीकरण कानून के अनुरूप होना चाहिए। प्रवर्तन ब्यूरो का दायित्व है कि हम सरकार के नियमों की अनदेखी ना होने दे।
पुलिस विकास एवं अनुसंधान ब्यूरो चण्डीगढ़ से आए दीपक बजाज ने कहा कि पुलिस आधुनिकीकरण की रफतार बढ़ी है। नए भारतीय कानूनों को लागू करने में हरियाणा पुलिस ने अग्रणी भूमिका निभाई है। अब प्रवर्तन ब्यूरो के माध्मय से हरियाणा पुलिस का नया रूप सामने आया है।
दोपहर बाद मानसिक चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर में डॉ. लिजू ने मानसिक स्वास्थ्य को पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों के लिए अनिवार्य बताया। उन्होने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में बढ़ते आपराधिक प्रवृति की वजह से निरंतर कार्य का दबाव बढ़ता जा रहा है। इसलिए पुलिस बल के सभी सदस्यों का स्वस्थ एवं तनावमुक्त रहना महत्ती आवश्यकता है। उन्होने खानपान और जीवन जीने की आदतों को ठीक रखने पर जोर दिया।
राज्य स्तरीय समारोह के उद्घाटन अवसर पर सामूहिक रूप से ए डी जी पी श्री नवदीप सिंह विर्क, ए डी जी पी हरदीप सिंह दून, आई जी कुलदीप सिंह, डी आई जी मनबीर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रजवलित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि का सम्मान किया गया एवं सभी अतिथियों एवं विशेषज्ञों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। बुधवार को पंचकूला जोन के 11 जिलों के पंचकूला, अम्बाला, यमुनानगर, कैथल, कुरूक्षेत्र, करनाल, पानीपत, जीन्द, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा थाना प्रबन्धक सहित सभी 150 अनुसंधान अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बृहस्पतिवार को गुरूग्राम जोन के सोनीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी, नारनौल, गुरूग्राम, रेवाड़ी, नूंह, चरखी-दादरी, पलवल, फरीदाबाद से 150 से अधिक अनुसंधान अधिकारी शिरकत करेंगे। हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो में पहली बार आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर कई मायनों में महत्वपूर्ण है।

