रोमी सिंह
पंचकूला, 28 जनवरी: हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल ने आज पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में श्री माता मनसा देवी पूजास्थल बोर्ड, पंचकूला की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने माता मनसा देवी मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
श्री विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक वास्तुकला का प्रयोग करते हुए माता मनसा देवी मंदिर को आस्था के केंद्र के साथ-साथ एक प्रमुख पर्यटन एवं आकर्षण केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाए, ताकि देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालुओं को एक सुखद और दिव्य अनुभव प्राप्त हो।
बैठक के दौरान उन्होंने पूजास्थल बोर्ड द्वारा संचालित विकास कार्यों की एक-एक कर समीक्षा की तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि पूजास्थल बोर्ड और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, जिससे परियोजनाओं को तीव्र गति से पूरा किया जा सके।
श्री विपुल गोयल ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित हनुमान वाटिका की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इसे इस प्रकार विकसित किया जाए कि देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु एवं पर्यटक इसे देखने के लिए पंचकूला आएं। उन्होंने भूमि सर्वेक्षण कर आगामी 20 फरवरी तक थ्री-डी मैप सहित परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। हनुमान वाटिका का निर्माण कार्य हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने पशुपतिनाथ मंदिर के निर्माण की स्थिति की जानकारी भी ली। अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए वास्तुकला विभाग द्वारा नक्शे और डिज़ाइन तैयार करने का कार्य प्रगति पर है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने मंदिर परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की नियमित साफ-सफाई की जाए। साथ ही, सभी पुरुष एवं महिला शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में जानकारी दी गई कि श्री माता मनसा देवी पूजास्थल परिसर में संस्कृत गुरुकुल का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जहां सभी विद्यार्थियों को समान नियम एवं शर्तों के अंतर्गत प्रवेश दिया जा रहा है। मुख्य मंदिर में संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं भित्ति चित्रों के संरक्षण हेतु लोक निर्माण विभाग, पंचकूला द्वारा 77.74 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें से 38.87 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। आगामी सप्ताह में इस कार्य का टेंडर जारी किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री को अवगत कराया गया कि मुख्य मंदिर के लिए अतिरिक्त प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है, जो प्रगति पर है। निर्माणाधीन प्रवेश गलियारे में स्वचालित सीढ़ियां (एस्कलेटर) लगाने का भी निर्णय लिया गया है।
इसके अतिरिक्त, गुरुकुल के सामने एक पुस्तकालय भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसमें धार्मिक पुस्तकों की भी व्यवस्था होगी। इस भवन के नक्शे तैयार किए जा चुके हैं। साथ ही, मंदिर परिसर में मनसा भवन का निर्माण भी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, पुलिस आयुक्त श्री शिवास कविराज, डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक श्री मनप्रीत सिंह सूदन, अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती निशा यादव, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री बी.बी. भारती, माता मनसा देवी पूजास्थल बोर्ड की सचिव श्रीमती शारदा प्रजापति, पूर्व मेयर श्री कुलभूषण गोयल, एचएसवीपी के संपदा अधिकारी श्री मानव मलिक, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती बंतो कटारिया, पूजास्थल बोर्ड के गैर-सरकारी सदस्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

