रेवाड़ी : जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच रेवाड़ी जिला उपायुक्त ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। आम जनता को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, क्योंकि सप्लाई पूरी तरह से सुचारू रूप से चल रही है और निकट भविष्य में भी किसी कमी की कोई आशंका नहीं है।
डीसी ने कहा कि कुछ लोग अफवाह फैलाकर अनावश्यक रूप से माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने रेवाड़ी की जनता से अपील करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर सामान्य व्यवस्था बनी हुई है। साथ ही कमर्शियल गैस सिलेंडरों को प्राथमिकता के आधार पर स्कूलों और अस्पतालों में उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।
बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के सवाल पर डीसी ने कहा कि प्रशासन ने सभी पटवारियों को खेतों में भेज दिया है, ताकि नुकसान का सही आकलन किया जा सके। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में 25 फीसदी से अधिक फसल खराब पाई जाएगी, वहां किसानों के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल कल से खोल दिया जाएगा, ताकि प्रभावित किसान जल्द से जल्द मुआवजे के लिए आवेदन कर सकें। डीसी ने कहा कि प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आमजन के साथ-साथ किसानों के हितों की भी पूरी सुरक्षा की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
