रमोला न्यूज/जसपाल सिंह
उत्तरकाशी-आगामी चारधाम यात्रा जहाँ 19 अप्रैल से शुरू होगी, वहीं प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ अंतिम चरण में है, जनपद में स्थित प्रमुख धाम यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम के लिए विशेष प्रबंधन एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा जारी आदेशों के अनुसार दोनों धामों में सुचारू व्यवस्थाओं के संचालन हेतु मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह को यमुनोत्री धाम एवं अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र को गंगोत्री धाम का सुपर नोडल अधिकारी नामित किया गया संबंधित अधिकारी दोनों धामों में यात्रा से संबंधित संपूर्ण व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी नें यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की है, सभी अधिकारी अपने-अपने सेक्टर में व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करेंगे।
यमुनोत्री-गंगोत्री धामों और यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, परिवहन, सफाई एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए संबंधित विभागों द्वारा नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई यह अधिकारी अपने-अपने विभागों से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखनें एवं समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए उत्तरदायी होंगे।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य नें सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत प्रतिदिन निरीक्षण करेंगे तथा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी बनाए रखेंगे, उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनें के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी नें कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव प्रदान किया जाए, प्रशासन नें सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर हर स्तर पर तैयारियाँ सुनिश्चित कर दी हैं, जिससे यात्रा निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।
