सोनीपत : नेशनल हाईवे-44 पर शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। दिल्ली के उत्तम नगर से मुरथल में बेटे का जन्मदिन मनाने आ रहे एक परिवार की खुशियाँ मातम में बदल गईं। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सर्विस लेन पर खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी और उसे करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस भीषण टक्कर में दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, उत्तम नगर निवासी परिवार कार में सवार होकर मुरथल के ढाबे पर जन्मदिन सेलिब्रेट करने जा रहा था। जब उनकी कार राई थाना क्षेत्र के पास गोल्डन हट ढाबे के सामने सर्विस लेन में रुकी और एक सदस्य चिप्स लेने नीचे उतरा, तभी पीछे से आए एक ट्रक ने रेलिंग तोड़ते हुए कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला। हादसे में मनदीप कौर और मनप्रीत कौर नामक दो बहनों की मौके पर ही जान चली गई। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचकर घायलों को सोनीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों के आने के बाद मृतकों और घायलों की विस्तृत शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
