रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़
पंचकूल: कालका से पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता प्रदीप चौधरी ने गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए है। उन्होंने कहा कि रायपुररानी, बरवाला और पंचकूला की अनाज मंडियों में गेहूं की लिफ्टिंग धीमी गति से चल रही है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि बीते दिन पोर्टल बंद रहने के कारण पूरे दिन गेट पास नहीं कट सके, जिससे मंडियों में भारी भीड़ लग गई। हालात को संभालने के लिए मजबूरी में मैनुअल गेट पास काटने पड़े।
पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि लिफ्टिंग में देरी के चलते किसानों की फसल का उठान प्रभावित हो रहा है और भुगतान में भी देरी की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि खरीद से पहले किए गए दावे केवल कागजों तक सीमित रह जाते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं चरमराई हुई हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि खरीद एजेंसियां ऐन मौके पर गोदामों की व्यवस्था करने में जुटी हैं, जिससे पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े होते हैं। चौधरी ने सवाल उठाया कि आखिर अन्नदाता को बार-बार परेशान क्यों किया जा रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि गेहूं खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
