मासूम शर्मा ने मांगी माफी, कहा भाई को गैंगस्टर से मिली धमकी 

 

सोनिका भाटिया/ रमोला न्यूज़

 

चंडीगढ़:

हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने दावा किया कि उनके भाई, जो इस समय अमेरिका में हैं, को एक गैंगस्टर द्वारा धमकी भरा फोन आया था। यह मामला उसके गाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच सामने आया है।

मीडिया से बातचीत में शर्मा ने बताया कि कॉल करने वाले ने उनके भाई से कहा कि “मासूम के नाम पर 20–25 करोड़ रुपये का बीमा करवा लो, उसके बच्चे पल जाएंगे।” उसके अनुसार साथ ही यह भी धमकी दी गई कि वह देहरादून से सुरक्षित वापस नहीं लौट पाएगा। शर्मा ने दावा करते हुए कहा कि कॉलर ने उनके भाई को यह भी चेतावनी दी कि किसी आपात स्थिति में वह भारत आने के लिए तैयार रहें।

गायक के अनुसार इस धमकी से उनका परिवार बुरी तरह घबरा गया है। उसने कहा, “मेरा परिवार बहुत डर गया था। मैं खुद भी काफी गुस्से में था और समझ नहीं पा रहा था कि कैसे प्रतिक्रिया दूं।” शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि धमकी देने वाले कुछ लोग उनके हालिया एक कार्यक्रम में मौजूद थे।

अपने प्रदर्शन के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर सफाई देते हुए उसने कहा कि यह सब गुस्से और दबाव में हुआ। शर्मा ने कहा, “वहां भारी भीड़ थी और उस समय मैं अपना आपा खो बैठा और गलत शब्दों का इस्तेमाल कर दिया। इसके लिए मैं माफी मांगता हूं। मैं महिलाओं का बहुत सम्मान करता हूं। लेकिन ये बात भी सच है कि यदि किसी भी व्यक्ति के परिवार वालों के साथ ऐसा हो तो यक़ीनन वह भी ऐसे ही रिएक्ट करेगा।”

शर्मा ने यह भी बताया कि उसने इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग को ईमेल के जरिए अपना जवाब भेज दिया है, हालांकि पहले से तय कार्यक्रमों के कारण वह व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो पाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक बार तो माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब पत्रकारों के सवालों पर शर्मा नाराज नजर आए। कुछ सवालों का सीधा जवाब देने के बजाय उसने बहस करनी शुरू कर दी, जिस पर मीडिया कर्मियों ने उसे संयम बनाए रखने की सलाह दी।

गायक से जुड़ा यह विवाद अब धमकियों और सुरक्षा चिंताओं के कारण और गंभीर हो गया है। आने वाले समय में इस मामले में और नए घटनाक्रम सामने आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *