रोमी सिंह /रमोला न्यूज़
पंचकूला मई 14: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15 पंचकूला की CWSN छात्रा रानी ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर एक प्रेरणादायक उपलब्धि हासिल की है।
रानी, पुत्री श्री राजमंगल एवं श्रीमती असरफी, ने 500 में से 467 अंक प्राप्त कर 93% अंक हासिल किए। रानी स्पष्ट रूप से बोल और सुन नहीं पाती, लेकिन उसने यह साबित कर दिया कि यदि इरादे मजबूत हों तो कोई भी चुनौती सफलता का रास्ता नहीं रोक सकती।
“मैं नहीं, मेरी मेहनत बोलेगी” — यह पंक्ति आज रानी की सफलता पर पूरी तरह सटीक बैठती है। उसकी पहचान अब उसकी कठिनाइयाँ नहीं, बल्कि उसका संघर्ष, आत्मविश्वास और अथक मेहनत बन चुकी है। रानी की यह उपलब्धि समाज के उन सभी बच्चों और अभिभावकों के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का साहस रखते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम बीरवाल ने रानी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएँ दीं तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रानी की सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा किसी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती और निरंतर मेहनत से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय परिवार ने रानी की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
