पंचकूला में 29 मई को पत्रकारों के लिए एआई ट्रेनिंग का शुभारंभ करेंगे स्पीकर हरविंदर कल्याण

प्रीति कंबोज /रमोला न्यूज़

चंडीगढ़: बदलते तकनीकी दौर में पत्रकारिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से मीडिया वेलबींग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संस्था की ओर से 29 मई को पंचकूला स्थित रेड बिशप में पत्रकारों के लिए एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) ट्रेनिंग कार्यक्रम की लॉन्चिंग की जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण के करकमलों द्वारा किया जाएगा।
एम डब्ल्यू बी द्वारा पत्रकारों को A I की ट्रेनिंग के लिए सेवानिवृत्त खुफिया अधिकारी
डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में टीम बनाई गई है।मनमोहन सिंह वर्तमान में अध्यक्ष, ऑल इंडिया समाज सेवा केंद्र* – पिछले 27 वर्षों से हैं।चेयरमैन, सांझा रेडियो– पिछले 15 वर्षों से हैं।
यह प्रोड्यूसर-डायरेक्टर, yestvee.in भी हैं।इन्होंने 35 पुस्तकों के लेखन का कार्य किया है।

पत्रकारिता तेजी से डिजिटल और तकनीकी बदलावों के दौर से गुजर रही है : धरणी

मीडिया वेलबींग एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने बताया कि पत्रकारिता तेजी से डिजिटल और तकनीकी बदलावों के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में पत्रकारों को नई तकनीकों, विशेषकर एआई से जोड़ना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि एआई आधारित तकनीकें भविष्य की पत्रकारिता का अहम हिस्सा बनने जा रही हैं और पत्रकारों को इसके प्रयोग की जानकारी देना समय की मांग है।
उन्होंने बताया कि इस विशेष ट्रेनिंग कार्यक्रम के माध्यम से पत्रकारों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, डिजिटल कंटेंट निर्माण, तथ्य जांच, तेज और प्रभावी समाचार लेखन तथा आधुनिक मीडिया तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इससे पत्रकारों को अपने कार्य को अधिक प्रभावी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।

आधुनिक पत्रकारिता की चुनौतियों पर होगी चर्चा

कार्यक्रम के दौरान “आधुनिक पत्रकारिता में चुनौतियां” विषय पर विशेष संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेशभर के वरिष्ठ पत्रकार, मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां भाग लेंगी। संगोष्ठी में डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, फेक न्यूज, सोशल मीडिया के दबाव, तकनीकी बदलावों और पत्रकारों की सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दैनिक ट्रिब्यून के संपादक नरेश कौशल करेंगे, जबकि दैनिक उत्तम हिन्दू के प्रधान संपादक इरविन खन्ना गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं समाजसेवी अजय वीर सहगल वेलकम कमेटी के चेयरमैन होंगे।

पत्रकारों को मिलेंगी मुफ्त हेल्थ और इंश्योरेंस पॉलिसियां

धरणी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान देश में पहली बार किसी संस्था द्वारा पत्रकारों के लिए शुरू की गई मुफ्त कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी का वितरण भी किया जाएगा। इसके साथ ही एमडब्ल्यूबी द्वारा पिछले पांच वर्षों से करवाई जा रही मुफ्त एक्सीडेंटल इंश्योरेंस पॉलिसी तथा पिछले चार वर्षों से जारी टर्म इंश्योरेंस पॉलिसियों का लाभ भी पत्रकारों को दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मीडिया वेलबींग एसोसिएशन केवल बीमा योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पत्रकारों और उनके परिवारों की कठिन परिस्थितियों में भी हरसंभव सहायता के लिए तत्पर रहती है। संस्था का उद्देश्य पत्रकारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है ताकि वे बिना किसी दबाव और चिंता के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

पत्रकारों की आर्थिक सहायता में निभाई अहम भूमिका

धरणी ने बताया कि संस्था ने कई जरूरतमंद पत्रकारों और उनके परिवारों की आर्थिक सहायता भी की है। उन्होंने कहा कि प्रसार भारती के एडवाइजर ज्ञानेंद्र भरतिया के निधन के बाद संस्था द्वारा करवाई गई इंश्योरेंस पॉलिसी के माध्यम से उनके परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई थी।
इसके अलावा संस्था ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित तीन पत्रकारों की सहायता करने के साथ-साथ करीब 28 पत्रकारों को समय-समय पर आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा तथा सम्मान सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है।

वरिष्ठ पत्रकारों का किया जाता है सम्मान

धरणी ने बताया कि मीडिया वेलबींग एसोसिएशन हरियाणा में 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को प्रत्येक कार्यक्रम में विशेष रूप से सम्मानित करती है। इसके साथ ही उत्कृष्ट पत्रकारिता सेवाओं के लिए हर वर्ष तीन पत्रकारों को विशेष सम्मान भी दिया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्था अब केवल हरियाणा तक सीमित नहीं रही, बल्कि कई राज्यों में अपनी इकाइयों का विस्तार कर चुकी है। संस्था लगातार पत्रकारों के लिए मुफ्त एक्सीडेंटल और टर्म इंश्योरेंस पॉलिसियां उपलब्ध करा रही है और हर वर्ष उनका निशुल्क नवीनीकरण भी कराया जाता है।

सरकार से मनवाई कई महत्वपूर्ण मांगें

धरणी ने बताया कि हाल ही में मीडिया वेलबींग एसोसिएशन ने सरकार से पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण मांगें मनवाई हैं। इनमें किसी पत्रकार के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर पेंशन रोकने के प्रावधान को समाप्त करवाना तथा एक ही परिवार में एक से अधिक मीडिया कर्मियों होने की स्थिति में केवल एक सदस्य को पेंशन देने की शर्त खत्म करवाना प्रमुख उपलब्धियां हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी संस्था की कोर कमेटी विचार-विमर्श कर रही है और आने वाले समय में पत्रकार हित में कई बड़े निर्णय लिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *