एमवाई भारत ने पंजाब और चंडीगढ़ में युवा पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान किया शुरू

अनिरुद्ध मिश्रा/ रमोला न्यूज़
चंडीगढ़, 7 जुलाई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित एमवाई भारत (मेरा युवा भारत) ने 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक गहन युवा पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को एमवाई भारत पोर्टल से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एमवाई भारत पंजाब की राज्य निदेशक श्रीमती रश्मीत कौर, एमवाई भारत चंडीगढ़ के यूटी निदेशक शिवधन शर्मा तथा जिला युवा अधिकारी विनय कुमार ने पंजाब और चंडीगढ़ के युवाओं से पोर्टल पर पंजीकरण कराने और विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनने की अपील की।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक पंजाब में 5,62,959 तथा चंडीगढ़ में 70,208 युवाओं का पंजीकरण हो चुका है। अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, गांवों, ब्लॉकों और शहरी क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ा जाएगा।
एमवाई भारत एक ‘फिजिटल’ (फिजिकल + डिजिटल) मंच है, जिसके माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम (ELPs), इंटर्नशिप, कौशल विकास, मेंटरशिप, युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें डिजिटल स्वयंसेवक पहचान, प्रमाणपत्र और उनके योगदान के लिए सम्मान भी प्रदान किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि पंजाब और चंडीगढ़ के युवाओं में देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने की अपार क्षमता है। विशेष रूप से महिलाओं, ग्रामीण युवाओं, दिव्यांग युवाओं और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
एमवाई भारत पंजाब एवं चंडीगढ़ ने सभी शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, सरकारी विभागों और अन्य संबंधित संस्थाओं से अभियान को सफल बनाने तथा अधिकतम युवा पंजीकरण सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की है। युवाओं से एमवाई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर राष्ट्र निर्माण की इस मुहिम का हिस्सा बनने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *