थैलेसीमिक चैरिटेबल ट्रस्ट ने आयोजित किया 339वाँ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 64 लोगों ने किया रक्तदान

चंडीगढ़ 20 जूलाई (हरमिंदर नागपाल रामोला न्यूज)
थैलेसीमिक चैरिटेबल ट्रस्ट (टीसीटी), चंडीगढ़ ने होटल वेस्टर्न कोर्ट के सहयोग से सेक्टर-43 स्थित होटल वेस्टर्न कोर्ट में अपना 339वाँ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया। पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य थैलेसीमिया पीड़ितों और अन्य गंभीर मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।

इस अवसर पर यूटी क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय टंडन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिविर में पीजीआई ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) आर.आर. शर्मा, डॉ. एच.के. धवन, डॉ. राहुल चक्रवर्ती तथा व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। शिविर में 64 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, जिनमें पीजीआई के आपातकालीन विभाग के डॉ. आशीष बेहड़ा भी शामिल रहे। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र, बैज व स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

रक्तदान शिविर के साथ ही सेक्टर-24डी स्थित रिलायबल डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा आम जनता के लिए निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर भी लगाया गया। इसके अलावा, थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक विशेष डेस्क स्थापित किया गया।

पीजीआई के डॉ. आर.आर. शर्मा तथा टीसीटी की कार्यकारी अध्यक्षा विभा मित्तल, उपाध्यक्ष ए.के. दुआ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ए.पी. सिंह, सदस्य सचिव राजिंदर कालड़ा, वित्त सचिव डॉ. विनय सूद एवं अन्य पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं और चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *