रमोला न्यूज नौगांव : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में बड़कोट में नशामुक्ति एवं रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सीओ चंचल शर्मा, एसडीएम बृजेश तिवारी, डीएफओ अजय लिंगवाल सहित कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान सभी उपस्थितजनों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
कार्यक्रम में रक्षाबंधन पर्व भी आध्यात्मिक एवं प्रेमपूर्ण वातावरण में मनाया गया। ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी एवं ज्योति बहन ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रक्षासूत्र बांधते हुए पर्व के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सकारात्मक विचारों, आत्मिक शक्ति और व्यसनों से मुक्ति का संदेश दिया।
इस अवसर पर भानु भाई भी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। इसलिए नशामुक्त जीवन अपनाना और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का उद्देश्य नशामुक्त समाज के निर्माण के साथ भाईचारे, प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देना रहा। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

