हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ )
परवाणू, 21अगस्त,2026
श्रीमती अरुणा आसफ अली राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कालका में विश्व उद्यमिता दिवस का उत्साह पूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन उद्यमिता विकास प्रकोष्ठ द्वारा महाविद्यालय की प्राचार्या डॉक्टर सीमा सिंह के कुशल नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें उद्यमशीलता के अवसरों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के “युवा उद्यमी चौपाल” में संबोधन का लाइव प्रसारण रहा। लाइव कार्यक्रम के प्रसारण में विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए आइडिया कॉन्टेस्ट( विचार प्रतियोगिता) का भी आयोजन किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपने नवीन एवं उद्यमशील विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार एवं उद्यमशील मानसिकता का विकास करना था।
कार्यक्रम का संचालन उद्यमिता विकास प्रकोष्ठ के संयोजक डॉक्टर सुरेश कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। उद्यमिता विकास प्रकोष्ठ की सदस्य डॉक्टर पूजा सिंगला, डॉक्टर सुमन, डॉक्टर सरिता तथा असिस्टेंट प्रोफेसर नीतू चौधरी भी इस अवसर पर उपस्थित रही। उद्यमिता विकास प्रकोष्ठ के सदस्यों ने विद्यार्थियों को नौकरी तलाशने वालों के बजाय नौकरी प्रदान करने वाले बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि उद्यमिता न केवल स्वरोजगार का अवसर प्रदान करती है बल्कि रोजगार सृजन, नवाचार तथा आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। कार्यक्रम में लगभग 125 विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल, प्रेरणादायक एवं उद्देश्य पूर्ण बनाया।

