सेक्टर-21 में गंगा समग्र द्वारा सामूहिक गंगा आरती, जल संरक्षण का लिया संकल्प

 

विक्रांत शर्मा /रमोला न्यूज़ ब्यूरो 

पंचकूला, 25 अगस्त । प्रति मंगलवार की भांति मंगलवार को पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित घग्घर नदी के किनारे छठ पूजा घाट पर जल तीर्थों को समर्पित संगठन ‘गंगा समग्र’ द्वारा सामूहिक गंगा आरती का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।

आज के मुख्य यजमान श्री आर.सी. मिश्रा जी, चेयरमैन पुलिस कंप्लेंट अथॉरिटी एवं पूर्व डीजीपी हरियाणा, रहे। गंगा आरती के पश्चात सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने जल तीर्थों की अविरलता, निर्मलता एवं जल संरक्षण का संकल्प लिया।

मुख्य यजमान श्री आर.सी. मिश्रा जी ने ‘गंगा समग्र’ द्वारा जल संरक्षण एवं नदियों की स्वच्छता के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जल हमारे जीवन का आधार है। उन्होंने लोगों को जल सहित सभी पंचतत्वों के महत्व के बारे में अवगत करवाया तथा पंचतत्वों को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर हरियाणा के प्रांत संयोजक श्री सतपाल शर्मा ने ‘गंगा समग्र’ के मुख्य उद्देश्य के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य देश की सभी नदियों, तालाबों एवं जल के सभी स्रोतों को अविरल एवं निर्मल बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि संगठन मुख्य रूप से जनजागरण अभियानों के माध्यम से लोगों को नदियों में कूड़ा-कचरा, सीवरेज का पानी, उद्योगों का दूषित जल तथा अन्य प्रकार की गंदगी न डालने के लिए प्रेरित करता है, ताकि जल स्रोत प्रदूषित न हों और उनका प्राकृतिक प्रवाह बना रहे।

उन्होंने कहा कि ‘गंगा समग्र’ लोगों को नदियों एवं जल स्रोतों के किनारे अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए भी जागरूक करता है। जल संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

कार्यक्रम में प्रांत सहायक नदी आयाम प्रमुख चिरंजी लाल, प्रांत संपर्क प्रमुख राधेश्याम शर्मा, प्रांत कोषाध्यक्ष रमन जिंदल, जिला संयोजक प्रवीन जांगड़ा, सह संयोजक पुनीत, संपर्क प्रमुख जतिन सप्रा, जिला विधि आयाम प्रमुख हर्ष शर्मा, जिला सहायक नदी आयाम प्रमुख तपस्या शर्मा, जिला प्रचार प्रमुख अमित सैनी, अमरनाथ चावला, विनोद जैन, गगनदीप शर्मा, छठ पूजा समिति के काशीनाथ, इंदरजीत चौरसिया सहित सैकड़ों बंधुओं एवं भगिनियों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *