हेमंत कुमार / रमोला न्यूज़ ब्यूरो
कालका : एक तरफ सरकार स्वच्छता अभियान को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर अपने हक की मांग कर रहे सफाई कर्मचारियों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। सरकार को कर्मचारियों से किए गए वायदों को पूरा कर उन्हें पक्का करने के साथ सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवानी चाहिए। यह बात कालका के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने वीरवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कही। वह कालका में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। प्रदीप चौधरी ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार को कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के बजाय उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
जातिगत प्रमाणपत्रों से जुड़े हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार इस तरह की घोषणाओं के माध्यम से समाज में भाईचारे में दरार डालने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी वर्ग की ऐतिहासिक एवं सामाजिक पहचान के साथ छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए। सरकार को समाज में नफरत फैलाने वाली राजनीति से बचते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहिए। इस मौके पर नरेश मान, सुनील शाम, अजय सिंगला, महिंद्र सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

