अनिरुद्ध मिश्रा/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो
चंडीगढ़, 27 अगस्त। राष्ट्रीय लोकदल चंडीगढ़ के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज एनफोर्समेंट इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर चंडीगढ़ पुलिस महानिदेशक को मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि विगत दिनों स्ट्रीट वेंडर्स के प्रधान राममिलन गौड़ की रेहड़ी तथा उसमें रखी नकदी को बिना जब्ती मेमो और बिना किसी पर्ची अथवा चालान के जबरन उठा लिया गया।
राममिलन गौड़ ने आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और धक्केशाही करते हुए उनकी रेहड़ी तथा गुल्लक में रखी करीब 5,340 रुपये की नकदी और लगभग 2,000 रुपये के 5, 10 और 20 रुपये के सिक्के भी अपने साथ ले गए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान उन्हें न तो कोई जब्ती मेमो दिया गया और न ही चालान अथवा किसी प्रकार की रसीद उपलब्ध कराई गई।
राममिलन गौड़ ने चंडीगढ़ पुलिस महानिदेशक से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषी पाए जाने पर इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विद्या शंकर पाठक भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चंडीगढ़ पुलिस द्वारा मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता चंडीगढ़ प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
पाठक ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन की कार्रवाई अथवा निष्क्रियता के कारण कोई स्थिति उत्पन्न होती है या शांति भंग होती है तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी चंडीगढ़ प्रशासन की होगी।
मांग पत्र सौंपने के दौरान राममिलन गौड़ के साथ स्ट्रीट वेंडर्स से जुड़े अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

