हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )
कालका, 2 सितंबर
जिला पंचकूला में जुआ और अन्य अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने सभी टीमों को निर्देश दिए हैं कि जिला में जुआ-सट्टा सहित किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को पनपने न दिया जाए और ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। जिसके तहत पिंजौर थाना टीम ने मॉडल टाउन के नजदीक झुग्गियों में सट्टा खिलाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
01 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति राहगीरों को रोककर 1 से 99 तक के अंकों पर सट्टा लगवा रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक पुलिस कर्मचारी को बोगस ग्राहक बनाकर आरोपी के पास भेजा और मौके पर छापेमारी कर आरोपी को काबू कर लिया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार पूछताछ में आरोपी की पहचान शाहरूख निवासी जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, हाल किरायेदार सैनी मोहल्ला, पिंजौर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 3,550 रुपये नकद व जुए में प्रयोग उपकरण बरामद किए गए।
आरोपी के खिलाफ थाना पिंजौर में मामला दर्ज कर आगामी जांच की। पुलिस द्वारा जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

