उत्तरकाशी रामलीला मैदान में भव्य श्री रामलीला का शुभारम्भ, श्रद्धा और उल्लास का उमड़ा सैलाब

रमोला न्यूज नौगांव: श्री आदर्श रामलीला समिति, उत्तरकाशी के तत्वावधान में रामलीला मैदान में भव्य श्री रामलीला मंचन का विधिवत शुभारम्भ हो गया है। शुभारम्भ के साथ ही पूरे रामलीला मैदान में श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक उत्सव का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। भगवान श्री राम के जीवन चरित्र के मंचन को लेकर स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उल्लास है।
शुभारम्भ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशान्त आर्य एवं पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने अन्य अतिथियों और गणमान्य नागरिकों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्ज्वलित किया। उपस्थित सभी लोगों ने भगवान श्री राम के आदर्श जीवन और मर्यादा के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथियों ने श्री आदर्श रामलीला को अपनी समृद्ध धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग बताया । कहा, “भगवान श्री राम का जीवन सत्य, त्याग, बलिदान, समर्पण, कर्तव्य, मर्यादा और आदर्श जीवन के उच्च मूल्यों की प्रेरणा देता है। रामलीला केवल एक धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन मात्र नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और जीवन मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।”

उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति और परम्पराओं से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। श्री राम के आदर्शों को जीवन में धारण कर युवा पीढ़ी सत्य, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, विनम्रता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत कर सकती है। एसपी महोदया ने श्री आदर्श रामलीला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। अंत में उन्होंने समस्त कलाकारों, आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को रामलीला के सफल आयोजन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *