बजलाड़ी में आंगन मिलन कार्यक्रम, बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

रमोला न्यूज नौगांव : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नौगांव विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र बजलाड़ी में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान जयवीर सिंह राणा ने कर कहा कि सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार और पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके लिए सभी को मिलकर दृढ़ संकल्प लेना होगा।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री रेखा इंदवाण ने केंद्र के माध्यम से संचालित गतिविधियों, केंद्र पर गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण और संतुलित आहार की निगरानी की जाती है। इसके अलावा गोद भराई, अन्नप्राशन, बच्चों के खेलकूद, चित्रकला, रंगोली सहित विभिन्न शिक्षात्मक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक बीएल केसवानी ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य, देखभाल और पोषण में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता रमेश इंदवाण ने कहा कि आंगनबाड़ी ग्राम पंचायत की रीढ़ है। केंद्र में बच्चे छोटी-छोटी गतिविधियों के माध्यम से सीखते हुए आगे बढ़ते हैं। यह बच्चों की शिक्षा की पहली सीढ़ी है। यदि आंगनबाड़ी केंद्र मजबूत होंगे तो गांव में शिक्षा की नींव भी मजबूत होगी।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री बबीता पंवार, दीपिका, रामप्यारी, सरिता रावत, जयेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान युद्धवीर सिंह राणा, अकबर सिंह, बलदेव सिंह, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *