विक्रांत शर्मा/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला/ 07 अक्टूबर:- पंचकूला पुलिस की विभिन्न इकाईओं द्वारा जिलेभर में जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिसके तहत एमडीसी थाना टीम ने क्षेत्र में स्थित गाँधी कॉलोनी में अंकों के माध्यम से लोगों को जुए के जाल में फंसाने वाले 2 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी और जुए में प्रयुक्त सामान बरामद किया है।
पुलिस को 6 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में स्थित गाँधी कॉलोनी में 2 व्यक्ति अंकों के आधार पर लोगों से पैसे लगवाकर अवैध जुए का धंधा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर मनसा देवी कॉम्पलैक्स थाना टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए एक पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर दोनों आरोपियों को रंगे हाथ काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान राजबीर निवासी गाँधी कॉलोनी (मनसा देवी कॉम्पलैक्स), पंचकूला व साहिल निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई है।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 5300 रुपये तथा जुए के अवैध खेल में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। इस संबंध में मनसा देवी कॉम्पलैक्स थाना, पंचकूला में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है साथ ही स्पष्ट किया है कि पंचकूला पुलिस जिले में जुआ, सट्टा, नशा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। ऐसे अवैध धंधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

