पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से गांवों के विकास को मिलेगी गति जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

 

रमोला न्यूज़ ब्यूरो

नौगांव : संकल्प सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड नौगांव के सभागार में त्रिस्तरीय पंचायत जनप्रतिनिधि संवाद एवं विकास संकल्प सेवा सेतु सम्मेलन-2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिला पंचायत उत्तरकाशी के अध्यक्ष रमेश चौहान उपस्थित रहे। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।
सम्मेलन में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पवन नौटियाल, नौगांव मंडल अध्यक्ष अनिता परमार, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष जगमोहन चंद, जिला पंचायत सदस्य विजय बंधानी, मंडल महामंत्री प्रताप सिंह चौहान, विजय सिंह रावत, जगदीश अशवाल, जयवीर राणा, वबिन राणा और प्रमोद राणा सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं विकासखंड के कर्मचारी मौजूद रहे।
जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना रहा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान, विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने और जनसेवा के संकल्प को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि गांवों के समग्र विकास के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासन और आमजन का आपसी सहयोग आवश्यक है। बेहतर समन्वय से विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने और ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप कार्य करने में मदद मिलेगी।
सम्मेलन के माध्यम से जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों से सामूहिक जिम्मेदारी के साथ जनसेवा और विकास कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों के जरिए सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में सहभागिता बढ़ाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *