हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )
कालका, 24अक्तूबर
बच्चों से संवाद की कमी न बनने दें दूरी की वजह, डीसीपी अदिति सिंह की अभिभावकों से अपील, युवाओं को भी कोई कदम उठाने से पहले परिजनों से सलाह लेने की सलाह
गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश कर उन्हें सकुशल उनके परिजनों तक पहुंचाना पंचकूला पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंचकूला पुलिस ने अमरावती क्षेत्र से लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को महज 24 घंटे के भीतर हरिद्वार से सकुशल तलाश कर उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि अमरावती क्षेत्र निवासी किशोरी बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों की शिकायत के आधार पर 22 अक्टूबर को गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत तलाश शुरू की। इंचार्ज प्रीतम सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 23 अक्टूबर को किशोरी को हरिद्वार से सकुशल ढूंढ निकाला और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोरी अपनी सहेली के साथ बिना बताए घूमने चली गई थी।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ खुलकर बातचीत करें, उनकी समस्याओं और भावनाओं को समझें तथा घर में ऐसा माहौल बनाएं, जिसमें बच्चे बिना किसी झिझक के अपनी बात साझा कर सकें। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे बिना बताए घर छोड़ने जैसा कदम न उठाएं और कोई भी निर्णय लेने से पहले अपने परिजनों से बातचीत कर सलाह-मशविरा अवश्य करें।
