कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
*चंडीगढ़, 25 अक्टूबर।* जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अपराधियों के हौसले बुलंद है और आम नागरिकों व व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। हिसार दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद डॉ चौटाला ने कहा कि हिसार क्राइम कैपिटल बनता जा रहा है। शहर में लगातार हो रही फायरिंग, हत्याओं और फिरौती की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने संत नगर डबल फाटक के पास गत्ता फैक्ट्री मालिक के गोदाम पर बदमाशों द्वारा कई राउंड फायरिंग किए जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे व्यापारियों में दहशत है। वहीं, सालासर धाम से पैदल यात्रा कर लौट रहे एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने की घटना भी चिंताजनक है।
जेजेपी प्रमुख डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पेट्रोल पंप संचालकों और अन्य कारोबारियों से पांच करोड़ रुपये तक की फिरौती मांगी जा रही है। चार महीने पहले जिन व्यापारियों से रंगदारी मांगी गई थी, उनके मामले में मुख्य आरोपियों का अब तक गिरफ्तार नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते है।डॉ. चौटाला ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालने वाला पुलिस प्रशासन, खुफिया तंत्र और एसटीएफ अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रहे हैं। अपराधियों को वारदातों को अंजाम देने का मौका मिल रहा है, जबकि पुलिस की कार्रवाई प्रभावी नजर नहीं आ रही। उन्होंने सरकार से आपराधिक तत्वों पर तत्काल शिकंजा कसने और व्यापारियों व आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। अजय चौटाला ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जेजेपी कार्यकर्ता आम जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
