बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन
रिपोर्ट: अंजना भंडारी
पंचकूला 29 नवंबर। सेक्टर 15 स्थित पार्क नंबर 1514 का नामकरण लंगर बाबा पद्मश्री जगदीश लाल आहूजा के नाम पर किया गया। शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और लंगर बाबा द्वारा किए गए मानवीय सेवा–कार्य को श्रद्धापूर्वक याद किया। मुख्य अतिथि महापौर कुलभूषण गाबा ने कार्यक्रम में पहुंचकर उपस्थित लोगों को संबोधित किया और सामाजिक सेवा से जुड़े स्वयंसेवकों को सर्टिफिकेट वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि लंगर बाबा का जीवन समाज सेवा और मानवता की मिसाल है, और पार्क को उनके नाम से जोड़ना उनके योगदान को नमन करने का प्रयास है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल और जिला महामंत्री एवं वार्ड 5 के पार्षद जय कौशिक मौजूद रहे। उन्होंने लंगर बाबा के कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत भजन–संध्या से हुई, जिसके बाद प्रसाद और जलपान की व्यवस्था की गई। आयोजन PGI आई लंगर एवं सोशल वेलफेयर ग्रुप (रजि.) द्वारा किया गया। स्थानीय नागरिकों ने पार्क के नामकरण को समुदाय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया और लंगर बाबा की सेवाओं को सदा याद रखने की बात कही। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, जिला महामंत्री एवं वार्ड 5 के पार्षद जय कोशिक, ओमवती पूनिया, उमेश सूद और टोनी गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

