डॉ. अंबेडकर की बदौलत संविधान में मिला समानता व स्वतंत्रता का अधिकार : रेखा शर्मा

राज्य स्तरीय डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वी जयंती पर पदयात्रा का आयोजन

 

चंडीगढ़, 13 अप्रैल।
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर की बदौलत देश को ऐसा संविधान मिला, जिसमें स्वतंत्रता और समानता जैसे मूल्यों के तहत सभी नागरिकों — चाहे वे किसी भी जाति, धर्म या लिंग के हों — को समान अधिकार प्राप्त हैं।”
राज्यसभा सांसद संविधान निर्माता डॉ. बीआर अंबेडकर की 135वीं जयंती पर आयोजित पद यात्रा कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थी। नेहरू युवा केंद्र संगठन हरियाणा और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती पर पंचकूला में राज्य स्तरीय पद यात्रा का आयोजन किया गया, जिसे हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नेहरु युवा केंद्र संगठन हरियाणा चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. गुरमेल सिंह बाजवा द्वारा की गई।
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जो उस समय किसी भी देश के पास नहीं था। स्वीडन में महिलाओं को वोट का अधिकार नहीं था, लेकिन हमारे संविधान में पुरुष, महिला और जाति-वर्ग को बराबरी का दर्जा दिया गया। संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के सिद्धांतों पर केंद्र सरकार काम कर रही है। बाबा साहेब के जन्म से जुड़ी पांच जगहों का पंचतीर्थ की उपाधि दी गई, जहां हर देशवासी उनके जीवन और कार्यों को आसानी से समझ सकता है। अनुसूचित जाति और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए एकलव्य स्कूल बनाए गए, जहां पर मुफ्त में शिक्षा दी जा रही है।
एसीएस श्री विजेंद्र कुमार ने युवाओं को भारतीय संविधान के सिद्धांतों पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अंबेडकर द्वारा संविधान में दिए गए शिक्षा के अधिकार को आगे बढ़ाना होगा।
पद यात्रा राजकीय बहुतकनीकी सेक्टर 26 पंचकूला से प्रारंभ करके डॉ. भी आर अम्बेडकर चौक सेक्टर 26 पंचकूला पर समाप्त हुई, जिसमें लगभग सभी 550 युवाओ ने बढ़ -चढ़कर भाग लिया। नेहरु युवा केंद्र के उपनिदेशक श्री प्रदीप कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी युवाओं एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *