बाबासाहेब आंबेडकर ने संदेश दिया था कि मुंबई महाराष्ट्र की है :मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

 

सुनीता शर्मा
मुंबई: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर यह दृढ़ और स्पष्ट संदेश दिया था कि मुंबई महाराष्ट्र की है। मुंबई और महाराष्ट्र का संबंध गहराई से जुड़ा हुआ है। भाषायी आधार पर राज्यों के पुनर्गठन के दौरान मुंबई सहित संयुक्त महाराष्ट्र का निर्माण डॉ. आंबेडकर के विचारों से ही संभव हुआ। उन्होंने कहा कि मुंबई और बाबासाहेब का संबंध अटूट है।
वडाला पूर्व स्थित कोरबा मिठागर क्षेत्र में डॉ. आंबेडकर की पूर्णाकृति प्रतिमा का अनावरण करने के बाद सीएम फडणवीस ने कहा कि बाबासाहेब द्वारा दिया गया संविधान दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान है। देश की शासन प्रणाली इसी पर आधारित है और यही संविधान भारत को महाशक्ति बनाने की दिशा में अग्रसर कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि बाबासाहेब के कार्य और उनके योगदान को उजागर करने के लिए हमारी सरकार इंदू मिल में एक भव्य स्मारक का निर्माण कर रही है। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब की प्रतिमा संविधान के बिना अधूरी है। संविधान के माध्यम से उन्होंने शोषितों और पीड़ितों को न्याय दिलाया। संविधान ने सभी नागरिकों को समान अवसर दिए। इसके निर्माण में बाबासाहेब की दूरदर्शिता और बौद्धिक गहराई स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बाबासाहेब के जीवन के कई महत्वपूर्ण पल, उनकी स्मृतियों को संजोने वाले अनेक प्रसंग मुंबई ने देखे हैं। उनके पुस्तक प्रकाशन और छपाई का कार्य भी मुंबई में ही हुआ। उनका राजनीतिक जीवन भी यहीं से शुरू हुआ। उन्होंने शोषितों की आवाज बनकर आजीवन संघर्ष किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब डॉ. आंबेडकर ने मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की थी, तब उनका पहला सत्कार मुंबई में हुआ था। केंद्रीय मंत्री, प्रांतीय अध्यक्ष और गोलमेज सम्मेलन से लौटने के बाद, और संविधान निर्माण के बाद जब वे लौटे, तब भी उनका स्वागत मुंबई में ही हुआ। उनकी 50वीं वर्षगांठ पर चैत्यभूमि में अभिवादन सभा भी मुंबई में ही आयोजित की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *