कांग्रेस ने विकास के नाम पर की राजनीति, भाजपा सरकार ने दिलाई नरवाना को नई पहचान : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
रिपोर्ट :प्रीति कंबोज
चंडीगढ़, 17 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नरवाना में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विकास के नाम पर केवल राजनीति हुई और जनता की आकांक्षाओं को दरकिनार किया गया, जबकि भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। इस रैली का आयोजन प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरवाना को कांग्रेस सरकारों ने जानबूझकर विकास की दौड़ में पीछे रखा। उन्होंने बिना नाम लिए विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग केवल ट्वीट करके राजनीति चमकाने में लगे रहे, जबकि असली विकास 2014 के बाद ही शुरू हुआ। आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने अब तक नरवाना क्षेत्र में 2105 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए, जबकि कांग्रेस शासन में केवल 607 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
सैनी ने कहा कि बीते साढ़े 10 वर्षों में नरवाना के लिए 111 घोषणाएं की गईं, जिनमें से 98 पूरी हो चुकी हैं और शेष तेजी से प्रगति पर हैं। इसी प्रकार जींद जिले की 628 घोषणाओं में से 541 पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहती बल्कि धरातल पर काम कर जनता को उसका लाभ पहुंचाती है।
उन्होंने नरवाना क्षेत्र में हुए बड़े परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों को आधुनिक ढांचा देने के लिए हजारों करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण और निर्माण कार्य किए गए हैं। जींद के हैबतपुर में 945 करोड़ की लागत से सरकारी मेडिकल कॉलेज भी बन रहा है। गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 82,700 से अधिक परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिए गए और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में 5368 मकान बन चुके हैं।
सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में हरियाणा की भूमिका अहम होगी। उन्होंने हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव का जिक्र कर सेना के शौर्य और आत्मनिर्भर भारत की ताकत पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि केवल 10 माह में उनकी सरकार ने संकल्प पत्र के 217 वायदों में से 41 पूरे कर दिए हैं और इस वर्ष 90 वादे पूरे किए जाएंगे। अब तक 30,000 युवाओं को नौकरी दी जा चुकी है और कुल 1.80 लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से रोजगार मिला है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने मुख्यमंत्री को “दानवीर की प्रतिमूर्ति” बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नरवाना क्षेत्र शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसी सुविधाओं से जुड़े नए अध्याय की शुरुआत कर रहा है। विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि आज जींद-नरवाना सफर महज 20 मिनट का रह गया है और प्रदेश नौ नेशनल हाइवे से जुड़ चुका है।
रैली में लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, विधायक देवेंद्र अत्री, रणधीर पणिहार समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

