हरियाणा में स्वच्छता को लेकर बड़ी पहल – सभी शहरों की होगी रैंकिंग, श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा सम्मान

चंडीगढ़, 23 अगस्त।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि अब प्रदेश के सभी शहरों की स्वच्छता रैंकिंग केंद्र सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण की तर्ज पर की जाएगी। स्वच्छता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पंचकूला में नवनिर्मित स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान के उद्घाटन के उपरांत आयोजित बैठक में अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि “टीम हरियाणा” की भावना से काम करते हुए प्रदेश को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया जाए।

बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जिलों के उपायुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक प्रदेशभर में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा, जिसमें जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की स्वच्छता संबंधी छोटी-से-छोटी शिकायत का तुरंत समाधान किया जाए ताकि जनता का विश्वास सरकार पर और मजबूत हो। इसके साथ ही आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि सड़कों पर बेसहारा पशु नजर नहीं आने चाहिए। यदि कोई गौवंश सड़कों पर दिखे तो उसे तत्काल गौशाला में भिजवाया जाए। उन्होंने बताया कि गौशालाओं के निर्माण और संचालन के लिए बजट में अभूतपूर्व वृद्धि की गई है।

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि नागरिक अस्पतालों में निजी अस्पतालों जैसी या उससे भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। इसके लिए सभी जिला अस्पतालों को सीटी स्कैन, एमआरआई, डिजीटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और टेस्टिंग लैब जैसी आधुनिक मशीनों से लैस किया जा रहा है। उन्होंने डॉक्टरों से अपील की कि प्रत्येक मरीज को धैर्यपूर्वक सुना जाए और सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराया जाए।

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि मानसून के दौरान इस बार जल निकासी की व्यवस्था काफी बेहतर रही है। इसके साथ ही विभाग 24 अगस्त से 11 सप्ताह का विशेष स्वच्छता अभियान शुरू कर रहा है, जिसके तहत नगर निगम भवनों, सड़कों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई सुनिश्चित की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि नागरिक अस्पतालों का नवीनीकरण और सौंदर्यकरण कराया जा रहा है ताकि मरीजों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिलें।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे ईमानदारी और निष्ठा से काम करते हुए लोगों के जीवन को आसान बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहयोग द

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *