प्रीति कंबोज
चंडीगढ़/, 9 सितम्बर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दोनों राज्यों के लिए कुल ₹3100 करोड़ की वित्तीय सहायता की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने हवाई सर्वेक्षण के साथ आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की।

पंजाब को 1600 करोड़ की मदद
प्रधानमंत्री ने पंजाब के लिए ₹1600 करोड़ की अतिरिक्त वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। यह राशि राज्य के पास पहले से उपलब्ध ₹12,000 करोड़ के अतिरिक्त होगी। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ (State Disaster Response Fund) और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त अग्रिम रूप से जारी की जाएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब में बहुआयामी दृष्टिकोण के तहत राहत और पुनर्वास कार्य किए जाएंगे। इसमें –
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घरों का पुनर्निर्माण,
राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों का जीर्णोद्धार,
बाढ़ से क्षतिग्रस्त स्कूलों का पुनर्निर्माण,
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से राहत,
और पशुओं के लिए मिनी किट का वितरण शामिल होगा।
हिमाचल को 1500 करोड़ की सहायता
प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के लिए ₹1500 करोड़ के विशेष राहत पैकेज का ऐलान किया। उन्होंने शिमला और धर्मशाला में बैठकों के दौरान राज्य सरकार को भरोसा दिलाया कि केंद्र आगे भी मदद जारी रखेगा।
प्रधानमंत्री ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और कहा कि यह आपदा केवल हिमाचल का नहीं, पूरे देश का दर्द है। केंद्र सरकार पुनर्वास के हर चरण में राज्य के साथ रहेगी।
मृतकों और घायलों के लिए अनुग्रह राशि
प्रधानमंत्री कार्यालय ने घोषणा की कि –
आपदा में मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
गंभीर रूप से घायलों को ₹50 हजार की तत्काल सहायता प्रदान की जाएगी।
स्थानीय नेताओं की प्रतिक्रिया
हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रधानमंत्री की घोषणा का स्वागत किया और कहा कि यह संवेदनशील समय है, राजनीति से ऊपर उठकर सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य को भारी नुकसान हुआ है और अकेले PWD विभाग को ही 4000 करोड़ का नुकसान हुआ है, इसलिए आगे और मदद की ज़रूरत होगी।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया और कहा कि उनका दौरा और राहत पैकेज हिमाचल के लिए बड़ी मदद है।
आपदा का असर
पंजाब में बाढ़ से 1400 गाँव प्रभावित, 2.5 लाख एकड़ कृषि भूमि जलमग्न और लगभग 3.5 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश में अब तक 4000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान दर्ज किया गया है।
प्रधानमंत्री का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का प्रयास है कि प्रभावित लोग जल्द से जल्द सामान्य जीवन जी सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि घर, सड़कें, स्कूल और अन्य आधारभूत ढांचे का पुनर्निर्माण प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।

