एमएसएमई से ही आत्मनिर्भर भारत का सपना होगा साकार: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

 

 

 

चंडीगढ़, 15 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे राष्ट्रीय अभियानों की सफलता में लघु उद्योगों की भूमिका सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का भारत जिस ऊँचाई और गति से आगे बढ़ रहा है, उसमें एमएसएमई का योगदान निर्णायक है।

मुख्यमंत्री सोमवार को पानीपत जिले के समालखा स्थित साधना एवं ग्राम विकास केंद्र में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अधिवेशन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह तीन दिवसीय औद्योगिक चिंतन लघु उद्योगों के लिए नई दिशा तय करेगा और युवा उद्यमियों को विकसित भारत–विकसित हरियाणा की नई गाथा लिखने के लिए प्रेरित करेगा।

सैनी ने कहा कि हरियाणा का भौगोलिक क्षेत्र देश का महज 1.3 प्रतिशत है, लेकिन वर्ष 2024–25 के अग्रिम अनुमान के अनुसार राष्ट्रीय जीडीपी में राज्य का योगदान 3.6 प्रतिशत है। पिछले दशक में सकल राज्य घरेलू उत्पाद 10.8 प्रतिशत की दर से बढ़ा है।

“हरियाणा निवेशकों और स्टार्टअप्स की पहली पसंद”

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 10 नए आईएमटी विकसित करने की योजना है। इनमें से तीन आईएमटी – अंबाला, जींद और फरीदाबाद–पलवल – राष्ट्रीय राजमार्गों पर विकसित होंगे। वहीं कोसली और नारायणगढ़ में भी भूमि चिन्हित की गई है।

उन्होंने बताया कि बीते 11 वर्षों में 7.66 लाख एमएसएमई स्थापित हुए हैं, जिनमें 39 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। आज हरियाणा स्टार्टअप की संख्या में देश का सातवां बड़ा राज्य है। वर्तमान में 9100 से अधिक स्टार्टअप और 19 यूनिकॉर्न कंपनियां यहां मौजूद हैं।

महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप्स में उनकी भागीदारी को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य सरकार ने 22 स्टार्टअप्स को 1.14 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी प्रदान की है।

 

“एमएसएमई हैं भारत की रीढ़” : केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल

इस अवसर पर केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि छोटे उद्योग देश की औद्योगिक रीढ़ हैं। एमएसएमई न केवल रोजगार बढ़ा रहे हैं बल्कि निर्यात के जरिए विदेशी मुद्रा भंडार को भी सुदृढ़ कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 22 प्रकार की योजनाएं चला रही है और इनके माध्यम से 28 करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने महिला उद्यमिता पर जोर देते हुए कहा कि छोटे–छोटे उद्योगों में महिलाओं को आगे लाना होगा।

भाजपा नेता व बड़ी संख्या में उद्यमी रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल कौशिक, विधायक मनमोहन भड़ाना, प्रमोद विज, पूर्व सांसद संजय भाटिया सहित लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। समालखा की यह ऐतिहासिक बैठक हरियाणा के औद्योगिक भविष्य की नई पटकथा लिखने का माध्यम बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *