रोहतक में ‘नमो वन’ का शुभारंभ | जे.पी. नड्डा और नायब सिंह सैनी ने किया 10 हजार पौधों का रोपण

 

 

रिपोर्ट : प्रीति कंबोज

रोहतक/नई दिल्ली, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर हरियाणा के रोहतक शहर के सेक्टर-2 में मियावाकी पद्धति से तैयार किए जा रहे ‘नमो वन’ (Namo Van Rohtak) का भव्य उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा (JP Nadda) और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने किया। इस अवसर पर करीब 10 हजार पौधों का रोपण किया गया।

पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ पौधारोपण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना “स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत” और “विकसित भारत” बनाना है। इस दिशा में हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

नड्डा ने कहा कि “स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है” और रोहतकवासी इस मिशन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की भागीदारी की सराहना की और उन्हें “पर्यावरण प्रहरी” बनने का आह्वान किया।

महिलाओं की सक्रिय भागीदारी

हजारों की संख्या में पौधारोपण करने आई महिलाओं ने आश्वासन दिया कि वे और उनके परिवारजन प्रधानमंत्री की इस पहल “स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत अभियान” को आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरा-भरा और संतुलित पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ा उपहार है।

कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख हस्तियां

इस मौके पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, नगर निगम रोहतक के मेयर राम अवतार बाल्मीकि, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक पंकज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

 

#नमो वन रोहतक उद्घाटन#JP Nadda Namo Van Rohtak#Nayab Singh Saini पौधरोपण#रोहतक पर्यावरण संरक्षण#नरेंद्र मोदी जन्मदिवस पौधरोपण

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *