रिपोर्ट : प्रीति कंबोज
नई दिल्ली, 30 अक्तूबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को गति देने की दिशा में दक्षिण भारत के शहरों में विकास का नया अध्याय शुरू हो गया है। इस दिशा में सोमवार को बेंगलुरु में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में दक्षिण भारत के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के शहरी विकास मंत्रियों की पहली क्षेत्रीय बैठक आयोजित हुई। इस ऐतिहासिक बैठक में शहरी विकास, स्वच्छता, ट्रैफिक व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक रोडमैप तैयार किया गया।
बैठक का आयोजन भारत सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा कर्नाटक सरकार के शहरी विकास विभाग के संयुक्त तत्वाधान में हुआ। इसमें कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान सभी राज्यों ने शहरी विकास के क्षेत्र में अनुभव साझा किए और आने वाले वर्षों में दक्षिण भारत को स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहरों का क्षेत्र बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में पहुंचने पर कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। इस अवसर पर कर्नाटक के शहरी विकास मंत्री सुरेशा बी.एस., नगर प्रशासन मंत्री रहीम खान, केरल के एम.बी. राजेश और पुडुचेरी के पी.आर.एन. तिरूमुरुगन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब भारत के शहर केवल निर्माण और यातायात के केंद्र नहीं, बल्कि नागरिकों की आकांक्षाओं, नवाचार और सामाजिक समरसता के प्रतीक बन रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक शहरी परिवेश मिले।
मनोहर लाल ने कहा कि शहरी विकास अब देश के सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का आधार बन चुका है। उन्होंने राज्यों से आग्रह किया कि वे आपसी सहयोग, नवाचार और अनुभव-साझाकरण के माध्यम से शहरी रूपांतरण को नई दिशा दें। सभी राज्यों के मंत्रियों ने सुगम यातायात, हरित अवसंरचना, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और सस्ती आवास योजनाओं को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक में यह भी तय हुआ कि ऐसी क्षेत्रीय बैठकें देश के अन्य हिस्सों में भी आयोजित की जाएंगी, ताकि राज्यों के बीच सीखने की प्रक्रिया और साझा सुधार एजेंडा को मजबूती मिल सके।
स्वच्छ भारत मिशन और पीएम ई-बस सेवा की समीक्षा
बैठक दो सत्रों में सम्पन्न हुई। पहले सत्र में बेंगलुरु शहर की प्राथमिकताओं, मेट्रो कनेक्टिविटी, ट्रैफिक व्यवस्था और गतिशीलता की चुनौतियों पर चर्चा की गई। दूसरे सत्र में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मेट्रो परियोजनाएं और पीएम ई-बस सेवा की प्रगति की समीक्षा की गई।
केंद्रीय मंत्री को बताया गया कि मंत्रालय राज्यों के साथ नियमित संवाद, फील्ड विज़िट और तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली के माध्यम से योजनाओं की प्रभावशीलता सुनिश्चित कर रहा है।
दिल्ली में होगा राष्ट्रीय शहरी सम्मेलन
बैठक के अंत में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने दक्षिण भारत के सभी राज्यों को दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय शहरी सम्मेलन में भाग लेने का आमंत्रण दिया। यह सम्मेलन आगामी 8 और 9 नवंबर को यशोभूमि, दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें क्षेत्रीय बैठकों के अनुभवों के आधार पर भारत के शहरी भविष्य का रोडमैप तैयार किया जाएगा।
मनोहर लाल ने कहा कि यह सम्मेलन उस भारत की दिशा तय करेगा, जो स्वच्छ, समावेशी, स्मार्ट और विकसित हो — एक ऐसा भारत जो हर नागरिक को आधुनिक सुविधाओं के साथ गरिमापूर्ण जीवन प्रदान करे।

