पंचकूला की सफाई व्यवस्था पर सवाल , ओ.पी. सिहाग ने महापौर कुलभूषण गोयल से की सीधी पूछताछ

 

रिपोर्ट : रोमी सिंह

पंचकूला, 30 अक्टूबर।
जननायक जनता पार्टी (जजपा) के जिला अध्यक्ष एवं पीपल्स फ्रंट पंचकूला के अध्यक्ष ओ.पी. सिहाग ने नगर निगम पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल से शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या महापौर स्वयं पंचकूला की सफाई व्यवस्था से संतुष्ट हैं, जबकि शहर की जनता के अनुसार हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

सिहाग ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में नगर निगम ने सफाई पर दो से ढाई गुना अधिक खर्च किया है, फिर भी पंचकूला स्वच्छता के मामले में पीछे जा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2020 में जब कुलभूषण गोयल महापौर पद के लिए चुनाव लड़ रहे थे, तब उन्होंने और तत्कालीन मुख्यमंत्री ने पंचकूला को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे सुंदर, व्यवस्थित और स्वच्छ शहरों में शामिल करने का वादा किया था।

उन्होंने सवाल किया, “क्या इन पांच वर्षों में बीजेपी और नगर निगम के नेतृत्व में पंचकूला वाकई सपनों का शहर बन पाया है? क्या महापौर उस एजेंसी के काम से संतुष्ट हैं जो घर-घर से गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग एकत्रित कर प्रोसेस करने का जिम्मा निभा रही है?”

सिहाग ने कहा कि महापौर शहर में सफाई व्यवस्था की तारीफ करते फिरते हैं और जगह-जगह प्रमाण पत्र बांटते हैं, जबकि ज़मीनी सच्चाई इससे बिल्कुल उलट है। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर केवल औपचारिक निरीक्षण कर “सब कुछ ठीक है” का दिखावा कर रहे हैं, जबकि शहर की गलियां और मोहल्ले सफाई की दुर्दशा झेल रहे हैं।

जजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि पंचकूला की जनता आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि महापौर कुलभूषण गोयल की जीत में जजपा का भी अहम योगदान रहा था, लेकिन अब पार्टी और जनता दोनों निराश हैं।

सिहाग ने कहा, “मौजूदा महापौर के कमजोर नेतृत्व के कारण न केवल सफाई व्यवस्था चरमराई है, बल्कि नगर निगम आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं देने में भी नाकाम रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले चुनाव में जनता को एक ऐसे व्यक्ति को चुनना चाहिए जो वास्तव में काम करने वाला, ईमानदार और मजबूत नेतृत्व प्रदान कर सके ताकि पंचकूला को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *