रिपोर्ट: प्रीति कंबोज
मोहाली, 30 अक्तूबर:
मोहाली के बनूड़-अंबाला रोड पर स्थित मात पिता गोधाम महातीर्थ में गोपाष्टमी महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भव्यता और दिव्यता के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर भक्तों ने 2000 से अधिक देसी घी के दीप प्रज्वलित कर परिसर को आलोकित किया और गौ माता के चरणों में अपनी आस्था अर्पित की। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और दिल्ली से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने इस धार्मिक पर्व में भाग लिया और गोसेवा का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और गौ सेवा को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताया। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता एवं बॉलीवुड अभिनेता-निर्माता विजय टंडन, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (हरियाणा) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगमोहन गर्ग, समाजसेवी सत्यभगवान सिंगला, सनातन धर्म बैकुंठ धाम के अध्यक्ष प्रदीप गोयल और प्लैनेट आयुर्वेदा के संस्थापक डॉ. विक्रम चौहान भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
गोपाष्टमी के अवसर पर अखिल भारतीय गो कथा वाचक श्री चंद्रकांत ने अपनी गो कथा के माध्यम से गौ माता की महिमा का विस्तार किया, वहीं भजन गायक हित शरण सिद्धार्थ भईया जी के भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि मात पिता गोधाम महातीर्थ को वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक (लंदन) में एक अनोखे मंदिर के रूप में दर्ज किया गया है यह दुनिया का ऐसा एकमात्र तीर्थ स्थल है, जहाँ किसी देवता की मूर्ति नहीं है। यहाँ श्रद्धालु अपने माता-पिता के जीवित रहते उनका आशीर्वाद लेने और स्वर्गवासी माता-पिता को ज्योति स्वरूप में स्मरण करने आते हैं।
महोत्सव के सफल आयोजन में ट्रस्टी बिशेश्वर नाथ शर्मा, अमरजीत बंसल, सुरनेश सिंगला, कश्मीरी लाल गुप्ता, मामन राम गर्ग, जयगोपाल बंसल, दीपक मित्तल सहित कमेटी सदस्य सूरत वालिया, सुरेश बंसल, सुभाष सिंगला, पंकज जायसवाल, हीरेंद्र बुद्धिराजा, कुलदीप ठाकुर, सुभाष अग्रवाल, बबू और कपिल सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
भक्तों ने दीपों की रोशनी में गौमाता और माता-पिता के चरणों में नमन कर अपनी भक्ति अर्पित की। पूरा परिसर भक्ति, वात्सल्य और भारतीय संस्कृति के अद्भुत संगम से आलोकित नजर आया।

