रिपोर्ट : प्रीति कंबोज
फतेहाबाद, 31 अक्तूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को फतेहाबाद जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन भव्यता और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचायत भवन से ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री स्वयं भी इस दौड़ में शामिल हुए और एकता के संदेश के साथ जनसमूह के साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए।
एमएम कॉलेज मैदान तक आयोजित इस विशाल दौड़ में 30 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शहर के हर कोने से आए युवा, महिलाएं, विद्यार्थी, खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि तिरंगे झंडे हाथों में लिए देशभक्ति के जोश से सराबोर थे। पूरा फतेहाबाद “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “सरदार पटेल अमर रहें” के नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने और राष्ट्र की एकता के लिए सदैव समर्पित रहने की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश की आत्मा को सशक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज हम लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मना रहे हैं, जिन्होंने अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से स्वतंत्र भारत को एक सूत्र में बांधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह सरदार पटेल ने देश की रियासतों को एकजुट कर अखण्ड भारत की नींव रखी, उसी भावना से आज का भारत “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को साकार कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ केवल एक दौड़ नहीं बल्कि राष्ट्र को जोड़ने वाला प्रतीकात्मक यज्ञ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सभी जिलों में लाखों लोग इस अभियान का हिस्सा बन रहे हैं, जिससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विज़न को नई गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण तभी संभव है जब उसके नागरिक अनुशासित, जिम्मेदार और जागरूक हों।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि सरदार पटेल का सपना “एक भारत” आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाना उसी भावना का प्रतीक है, जो सरदार पटेल ने आज़ादी के समय देखी थी। यह कदम एक राष्ट्र, एक संविधान और एक तिरंगे की भावना को सशक्त करता है। मुख्यमंत्री ने इसे भारत की एकता को नई ऊँचाई देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।
उन्होंने कहा कि आज फतेहाबाद की जनता ने यह सिद्ध कर दिया है कि सरदार पटेल का ‘एक भारत’ का सपना आज भी हर भारतीय के दिल में धड़कता है। अलग-अलग भाषाएं, संस्कृतियां और परंपराएं हमारी पहचान हैं, लेकिन हम सब भारतीय हैं यही हमारी असली ताकत है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे एकता और अखण्डता की मशाल को आगे बढ़ाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल को राष्ट्रीय एकता का शिल्पकार बताया और कहा कि आज़ादी के बाद देश की 562 रियासतों को जोड़कर उन्होंने भारत के अखण्ड स्वरूप की नींव रखी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें यह सिखाता है कि राष्ट्रहित से बड़ा कोई धर्म नहीं, और एकता ही शक्ति का सबसे बड़ा स्रोत है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हरियाणा दिवस (1 नवंबर) की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती परिश्रम, शौर्य और एकता की मिसाल है। यहां के किसान, सैनिक और खिलाड़ी देशभर में राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही एकजुटता सरदार पटेल के भारत का सच्चा प्रतीक है।
इस अवसर पर मंच पर पूर्व विधायक दुड़ा राम, आईजी पंकज नैन, उपायुक्त डॉ. विवेक भारती, एसपी सिद्धांत जैन, चेयरमैन भारत भूषण मिढ़ा, जिला परिषद अध्यक्ष सुमन खीचड़, अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया, एसडीएम आकाश शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक देश के हर नागरिक के मन में एकता की भावना जीवित है, तब तक भारत को कोई शक्ति झुका नहीं सकती। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हमारी विविधता ही हमारी असली ताकत है तन अनेक हैं, पर मन एक है।
फतेहाबाद की यह ‘रन फॉर यूनिटी’ सरदार पटेल की उस अमर प्रेरणा का ज्वलंत उदाहरण बन गई, जिसने भारत को अखण्डता की डोर में बाँधा और आज भी हर भारतीय के हृदय में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की धड़कन के रूप में जीवित है।

