डबल इंजन सरकार के 11 वर्षों में युवाओं को 3 लाख रोजगार, महिलाओं और किसानों के उत्थान की नई गाथा
रिपोर्ट : प्रीति कंबोज
चंडीगढ़, 1 नवंबर।
हरियाणा दिवस के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, औद्योगिक प्रगति, महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि आज हरियाणा विकास और सुशासन का प्रतीक बन चुका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले 11 वर्षों में 3 लाख युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ रोजगार प्रदान किया है। इनमें 1,80,000 युवाओं को नियमित सरकारी पदों पर नियुक्त किया गया है, जबकि 1,20,000 युवाओं को हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नियुक्तियों की प्रक्रिया से इंटरव्यू समाप्त कर भर्ती को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है, जिससे भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। उन्होंने गर्व से कहा कि “हरियाणा की यह भर्ती पारदर्शिता मॉडल आज पूरे देश में मिसाल बन चुका है और स्वयं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी इसकी सराहना कर चुके हैं।”
💠 महिलाओं के खातों में 109 करोड़ की राशि ट्रांसफर, पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की हुई शुरुआत
हरियाणा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने दीनदयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त के तहत 5,22,162 महिलाओं के खातों में 109 करोड़ 65 लाख 40 हजार 200 रुपये की राशि डिजिटल माध्यम से स्थानांतरित की। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि अब नागरिकों को रजिस्ट्री के लिए लंबी प्रक्रियाओं और फाइलों के ढेर से मुक्ति मिलेगी। यह डिजिटल व्यवस्था भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाएगी और पारदर्शिता बढ़ाएगी।
💠 विकास का नया अध्याय – डबल इंजन सरकार ने बनाए नए कीर्तिमान
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा तेजी से इनोवेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और समावेशी विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन सरकार” ने विकास की गति को दोगुना कर दिया है।
उन्होंने जानकारी दी कि सरकार ने अपने संकल्प पत्र के 217 वादों में से 48 वादे केवल एक वर्ष में पूरे कर दिए हैं, जबकि 158 वादों पर कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार अपने वचनों की सरकार है, जो जनता से किए हर वादे को निभा रही है।
💠 हरियाणा दिवस पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव और पुस्तक मेले की घोषणा
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया है, जिसका शुभारंभ राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष द्वारा पंचकूला में किया गया। उन्होंने घोषणा की कि अगले हरियाणा दिवस से प्रत्येक वर्ष साप्ताहिक पुस्तक मेला आयोजित किया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
💠 युवाओं को कौशल व रोजगार से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप आधुनिक शिक्षा के साथ कौशल विकास के अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस के मजबूत इकोसिस्टम के कारण राज्य में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन में तेजी आई है।
पिछले 11 वर्षों में हरियाणा में 12,20,872 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) पंजीकृत हुए हैं, जिनसे 28,377 करोड़ 59 लाख रुपये का निवेश संभव हुआ है। आज राज्य में 9,500 से अधिक स्टार्टअप्स और 19 यूनिकॉर्न कंपनियां कार्यरत हैं, जिससे हरियाणा उद्योग और नवाचार का केंद्र बन रहा है।
💠 किसानों के हितों की रक्षा में सरकार अग्रणी
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि किसानों के कल्याण को सरकार की नीतियों का केंद्र बनाया गया है। राज्य में सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है और फसल बेचने के 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान की भरपाई के रूप में किसानों को अब तक 15,627 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है। यह किसान हित में हरियाणा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
💠 वंचित वर्गों और पिछड़े समाज के लिए कल्याणकारी योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना है। अनुसूचित जातियों को सरकारी नौकरियों, पंचायतों और स्थानीय निकायों में उचित भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही पिछड़े वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
💠 महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई मिसालें
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने अनेक योजनाएं शुरू की हैं।
‘हर घर हर गृहिणी’ योजना के तहत गरीब परिवारों की 14 लाख 50 हजार महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
‘नमो ड्रोन दीदी योजना’ के तहत 100 महिलाओं को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया गया और उन्हें मुफ्त ड्रोन प्रदान किए गए हैं। इस वर्ष 100 और महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
राज्य में अब तक 2,13,000 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जो स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “हरियाणा की महिलाएं आज आत्मविश्वास से भरपूर हैं और विकास यात्रा में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं।”
💠 सुशासन का 11 वर्ष : सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने जनसेवा के 11 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस दौरान सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को सार्थक किया है।
उन्होंने कहा कि आज हरियाणा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, डिजिटलाइजेशन और महिला सशक्तिकरण के हर क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य बन चुका है।
💠 कार्यक्रम में वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, राजस्व विभाग की वित्तायुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, सेवा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी. अनुपमा, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग, और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीन आत्रेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हरियाणा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यह संबोधन न केवल उपलब्धियों का बखान था, बल्कि यह जनता से किया गया एक विकास का वचनपत्र भी था। पारदर्शी शासन, तकनीकी नवाचार, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और रोजगार सृजन के क्षेत्र में हरियाणा ने जो नए मानक स्थापित किए हैं, वे पूरे देश के लिए प्रेरणा हैं।

