रिपोर्ट :कोमल रमोला
हांसी, 22 फरवरी। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज नारनौंद में नवनिर्मित कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन किया और अनाज मंडी में आयोजित विशाल रैली को संबोधित किया। इस दौरान सांसद जय प्रकाश ‘जेपी’ व सांसद सतपाल ब्रह्मचारी उपस्थित रहे। रैली में उमड़े जनसैलाब से उत्साहित सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में राजनीतिक बेईमानी, साम दाम दंड भेद, भ्रष्टाचार से अर्जित काले धन के मैनेजमेंट से बीजेपी सरकार बनी है और जो सरकार काले धन के मैनेजमेंट से बनी हो, वो जनता की परवाह नहीं करती। जनता के खिलाफ चलने वाली बीजेपी सरकार के पास तंत्र, यंत्र, षड्यंत्र का बल है, धनबल है लेकिन हमारे पास जनता का दिया हौसले का बल है। म्हारा हौसला थारे से है और थारा हौसला म्हारे से है। भाजपा के षड्यंत्र में वो सभी शामिल थे जो पर्दे के पीछे भाजपा से मिले हुए थे। बीजेपी की बी टीम इनेलो, जेजेपी का एक ही लक्ष्य था कि किसी तरह कांग्रेस की वोट में सेंध लगाएं। लेकिन, षड्यंत्रकारियों का सारा सच धीरे-धीरे जनता के सामने आ गया। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के वायरल हुए वीडियो ने इस बात को स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस को रोकने के लिये इनेलो, जेजेपी भी बीजेपी से मिले हुए थे। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कालेधन की शक्ति को नारनौंद ने जनशक्ति से हराने का काम किया। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने जनता से पूछा कि क्या वो जनविरोधी बीजेपी सरकार के खिलाफ संघर्ष के लिए तैयार हैं तो जनता ने दोनों हाथ उठाकर उनका साथ देने का वायदा किया। भीड़ के उत्साह को देखकर दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि लड़ाई के लिये आप तैयार हैं तो हम भी तैयार हैं, हरियाणा में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने तक चैन से नहीं बैठेंगे।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन, अपराध, नशाखोरी हरियाणा में है। हरियाणा का नौजवान कहां जाए। इंटरनेशनल एयरपोर्ट, रेल कोच फैक्ट्री, रक्षा विश्वविद्यालय जैसे बड़े-बड़े प्रोजेक्ट हमने मंजूर कराए वो हरियाणा से बाहर के प्रदेशों में चले गये। एचपीएससी में जो भर्तियां आती हैं उसमें भी हरियाणा के बाहर के बच्चे लग रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब में जाकर पंजाब को अपराध मुक्त करने और पंजाब को विकास में नंबर 1 बनाने की बात कह रहे हैं। जबकि उनको हरियाणा की जनता ने वोट दिया है तो हरियाणा को नंबर 1 बनाना चाहिए हरियाणा को पहले अपराध मुक्त बनाना चाहिए। लेकिन आज गली चौराहे तक पर दनादन गोलियां चल रही हैं।
उन्होंने आगे कहा हरियाणा में जनभावना से बनी हुई सरकार नहीं है, क्योंकि जनभावना बदलाव की थी। विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को अपना तक मुख्यमंत्री बदलना पड़ा। अगर अच्छा काम किया होता तो मुख्यमंत्री को नहीं बदलना पड़ता। चुनाव के पहले सारे ओपिनियन पोल, सारे सर्वे में कांग्रेस पार्टी की बड़ी जीत दिखायी जा रही थी। सुबह जब गिनती शुरु हुई तो पोस्टल बैलट में भी कांग्रेस आगे थी। हरियाणा का इतिहास है कि जो पोस्टल बैलट में आगे रहता है सरकार उसी की बनती है। 2024 में 76 हलकों में कांग्रेस पार्टी जीत रही थी, लेकिन जब मशीन खुली तो नतीजा बदल गया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने खुद कहा कि सारा इंतजाम कर रखा है। बीजेपी सरकार हर वर्ग को धोखा दे रही है, क्योंकि ये जनभावनाओं से नहीं बनी राजनीतिक बेईमानी मैनेजमेंट से बनायी हुई सरकार है।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा चुनाव के बाद 3100 का भाव देने की बात कहने वाली बीजेपी सरकार में धान, बाजरा, नरमा पर भी एमएसपी नहीं मिली और सीएम 24 फसलों को MSP पर खरीदने की बात करते हैं। भाजपा को जब वोट मिल गया तो वह किसान, नौजवान, गरीब, माताओं-बहनों और बड़े बुजुर्गों को भी भूल गयी। बीजेपी ने चुनाव के समय हरियाणा की सभी 85 लाख महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना में 2100 रुपए देने का वाला किया लेकिन चुनाव के बाद 85 लाख में से केवल चंद लाख महिलाओं को ही 2100 रुपया देने की बात करने लगी। भाजपा सरकार बड़े-बुजुर्गों को भी भूल गयी और हर गांव, हर घर में बुढ़ापा पेंशन काटने लगी। जब हमने सोनीपत में धरना रखा तो डरी भाजपा सरकार ने पेंशन काटने के फैसले को स्थगित कर दिया। बारिश में जलभराव हुआ तो केवल 6 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा घोषित हुआ और उसमें भी साढ़े पांच लाख किसानों का रजिस्ट्रेशन कराकर सिर्फ 53 हजार को ही मुआवजा दिया गया। जबकि कांग्रेस सरकार के समय फसल खराबे पर पंजाब में जितना प्रति एकड़ मुआवजा मिलता था, उसका डबल मुआवजा हरियाणा की हुड्डा सरकार देती थी।
उन्होंने कहा कि नारनौंद हलके ने 54 साल का रिकार्ड तोड़ा और उनकी बात का मान-सम्मान भी रखा। डेढ़ साल की अवधि में विधायक जस्सी ने पूरे प्रदेश में नारनौंद की साख बढ़ाने का काम किया। गुहला चीका से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे विधायक देवेन्द्र हंस के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करवा दिया। जब तक विधायक देवेन्द्र हंस पर मुकदमा खत्म नहीं होगा और भ्रष्टाचारियों पर मुकदमा दर्ज नहीं होगा हम सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ते रहेंगे। हमारी लड़ाई सच्चाई और अच्छाई की है। भाजपा शातिर पार्टी है। जहां रणनीति में बदलाव की जरुरत होगी बदलाव करेंगे और जहां मेहनत की जरुरत होगी मेहनत करेंगे। भाजपा के खिलाफ 2029 में लड़ाई के लिये जनता भी तैयार है तो हम भी तैयार हैं न किसी से डरेंगे न झुकेंगे
रैली की अध्यक्षता कर रहे सांसद जय प्रकाश ‘जेपी’ ने कहा कि हरियाणा की जनता कांग्रेस की सरकार बनवाना चाहती थी, लेकिन भाजपा ने वोट चोरी करके जनता का विश्वास भी चोरी कर लिया। आने वाले चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी दल जायेंगे और प्रदेश में कांग्रेस सरकार आयेगी। उन्होंने अमेरिका व्यापार समझौते के पीछे की सच्चाई बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार के हाथ साढ़े सात सौ किसानों के खून से सने हुए हैं। भाजपा सरकार इतनी बुजदिल सरकार है कि वो अमेरिका की एकतरफा बात मानती है। देश और प्रदेश में कमजोर और अमेरिका से डरी हुई सरकार है। अमेरिका का व्यापार समझौता देश के किसानो-मजदूरों को कंगाली की तरफ ले जायेगा। प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसान की फसल बर्बाद होने के बाद भी हरियाणा को आपदाग्रस्त घोषित नहीं किया न ही कोई मुआवजा मिलने दिया। जब प्रदेश की भाजपा सरकार का नाश होगा तब होगा हरियाणा का विकास। सांसद जय प्रकाश जेपी ने 10 वर्ष की हुड्डा सरकार के कामों और 12 साल की भाजपा सरकार के कामों की तुलना करके लोगों को इस सरकार से पीछा छुड़ाने का संकल्प दिलाया।
सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि हरियाणा में आज बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध चरम पर है। बीजेपी सरकार ने जब प्रदेश के बुजुर्गों की पेंशन काटी तो सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बड़े विरोध प्रदर्शन का एलान कर दिया, जिससे डरकर प्रदर्शन से पहले ही सरकार ने पेंशन देने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में सरकार बनने पर बुजुर्गों को हर महीने 6000 रुपये पेंशन देने की बात कही थी। जिस दिन कांग्रेस सरकार बनेगी उसी दिन से हम अपने बुजुर्गों को 6000 रुपये महीने पेंशन दिलवायेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सांसद दीपेंद्र हुड्डा हर मंच पर हर हरियाणावासी की लड़ाई मजबूती से लड़ते हैं।
रैली के संयोजक विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि आज किसान दर-दर की ठोकर खा रहा है। बीजेपी सरकार किसान की नस्ल और फसल की विरोधी है। एक बार फिर बीजेपी सरकार के खिलाफ किसान-मजदूर को खड़ा होकर इसे झुकाने का काम करना होगा। दीपेंद्र हुड्डा के बारे में बोलते हुए विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि किसान, नौजवान, महिलाएं, खिलाड़ी हर वर्ग के संघर्ष के साथ दीपेंद्र हुड्डा मजबूती से खड़े रहे हैं। उद्घाटन समारोह ने रैली का रूप धारण किया, रैली के आयोजक विधायक जस्सी पेटवाड़ ने भारी संख्या में आए हलके की जनता का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सांसद जय प्रकाश, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक नरेश सेलवाल, विधायक इंदुराज नरवाल, विधायक बलराम दांगी, विधायक देवेन्द्र हंस, पूर्व विधायक सुभाष गांगोली, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, पूर्व मंत्री रामभज लोधर, पूर्व विधायक बलबीर बाल्मिकी, हांसी विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे राहुल मक्कड़ राजेंद्र सूरा, पवन गोयल, रणदीप लोहान, सतेन्द्र सहारण, रोहित दलाल, एससी सेल के जिलाध्यक्ष रतन बड़गुज्जर, तेलूराम जांगड़ा, विकास, सुमन शर्मा, मोहित मलिक, राजेन्द्र चहल, प्रमोद कुहाड़, भरत सोनी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय वरिष्ठ नेता व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

